नई दिल्ली | देश में 9 जून को एक बार फिर देश के 18 वे प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने शपथ ली | इस के साथ ही 18वीं लोकसभा का कामकाज शुरू हो गया, लेकिन संसद में लोकसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो रहा है। जो 3 जुलाई तक चलेगा।
10 दिन में कुल 8 बैठकें (29-30 जून को छुट्टी) होंगी। सबसे पहले प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब राष्ट्रपति भवन जाकर शपथ लेंगे। इसके बाद वे सुबह 11 बजे लोकसभा पहुंचेंगे।
शुरुआत के दो दिन, यानी 24 और 25 जून को प्रोटेम स्पीकर नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद 26 जून को लोकसभा स्पीकर का चुनाव होगा।
27 जून को राज्यसभा का 264वां सत्र शुरू होगा। इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा-राज्यसभा के जॉइंट सेशन को संबोधित करेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी बोलेंगे। यह पहला सत्र है, लिहाजा मोदी सरकार विश्वास मत भी हासिल करेगी।
सत्र के आखिरी दो दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सरकार धन्यवाद प्रस्ताव लाएगी और दोनों सदनों में चर्चा होगी। 10 साल बाद पहली बार पीएम मोदी के सामने मजबूत विपक्ष होगा। विपक्षी I.N.D.I.A ब्लॉक सभी सांसद महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास एकत्र होंगे और वहां से एक साथ सदन में जाएंगे।
पिछले हफ्ते NEET परीक्षा में हुई गड़बड़ी, तीन क्रिमिनल लॉ, लोकसभा चुनाव के बाद शेयर बाजार में हुई गड़बड़ी के आरोपों पर विपक्ष इस बार हंगामा कर सकता है।
