नई दिल्ली |आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शराब नीति घोटाले में 10 घंटे पूछताछ के बाद बुधवार देर शाम उन्हें गिरफ्तार किया था। ED आज कोर्ट से संजय सिंह की रिमांड मांगेगी।
दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट में मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। सिसोदिया शराब घोटाले में जेल में बंद हैं। सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में ED से पूछा था कि जब आम आदमी पार्टी को घोटाले से फायदा हुआ, तो पार्टी को आरोपी क्यों नहीं बनाया गया है। ED इसका जवाब देगी।
सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया के बाद संजय सिंह आप के तीसरे प्रमुख नेता हैं, जिन्हें केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी गुरुवार सुबह 11 बजे भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन भी करेगी।
