इंदौर | मध्यप्रदेश के इंदौर की इंडस्ट्री हाउस की 9 मंजिला बिल्डिंग में बुधवार शाम आग लग गई। चौथी मंजिल पर एक डिटेक्टिव एजेंसी के ऑफिस से आग भभकी और देखते ही देखते पांचवीं, छठी और सातवीं मंजिल को चपेट में ले लिया। 60 से ज्यादा लोग एक घंटे तक फंसे रहे। सात मंजिला बिल्डिंग में भगदड़ मच गई।
धुआं फैलने से लोगों का दम घुटने लगा। बचने और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। जान बचाने के लिए कुछ लोग छत पर पहुंच गए। कई लोगों ने खिड़की के कांच फोड़े तो कई जान बचाने के लिए छत पर भागे। धुएं के कारण कई लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई।
कई उल्टियां कर बदहवास होकर लेट गए। यहां पर 17 से अधिक लोग फंसे थे। यहीं पर सभी का चेकअप किया गया। इसके बाद जिनकी हालत गंभीर थी उन्हें अस्पताल भेजा गया। जो सवस्थ थे उन्हें परिजनों के साथ घर भेज दिया।
जोन 2 के डीसीपी अभिषेक आनंद ने बताया कि फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ ने आग को नियंत्रित कर सभी को सुरक्षित उतारा। कोई जनहानि नहीं हुई है। यहां बैंक और फाइनेंस सहित कई कंपनियों के 80 से ज्यादा ऑफिस हैं।
हाई राइज बिल्डिंग होने से अधिकारियों ने एयरपोर्ट के रोजर फायर पेंथर की गाड़ी व टीम को भी मौके पर बुला लिया था। आग बुझाने में 95 हजार लीटर से अधिक पानी लग गया।
