Jan Samvad Express
Breaking News
Breaking Newsअंतरराष्ट्रीयउज्जैनउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराजनीतिराज्यराष्ट्रीय

उज्जैन में रहवासियों ने पाटीदार ब्रिज पर किया चक्का जाम, 24 मीटर की जगह 18 मीटर रोड चौड़ी करने पर अड़े

उज्जैन || उज्जैन में एमआर-4 रोड चौड़ीकरण के विरोध में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे रहवासियों ने पाटीदार ब्रिज पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रहवासियों की मांग है कि सड़क को 24 मीटर के बजाय 18 मीटर तक ही चौड़ा किया जाए। प्रशासन सिंहस्थ 2028 के दौरान आने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर में कई मार्गों के चौड़ीकरण का काम कर रहा है। इसी योजना के तहत एमआर-4 मार्ग को रणकेश्वर धाम से गाड़ी अड्डा तक 24 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव है। प्रशासन की योजना के अनुसार इस मार्ग के चौड़ीकरण से करीब 190 मकान और दुकान प्रभावित होंगे। इसी कारण क्षेत्र के रहवासी इस योजना का विरोध कर रहे हैं।

योजना के विरोध में दारू गोदाम, अमर नगर और प्रीति नगर क्षेत्र के सैकड़ों रहवासी सड़कों पर उतर आए। उन्होंने पाटीदार ब्रिज पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

लगातार दूसरे दिन हुआ विरोध प्रदर्शन

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे पिछले दो सप्ताह से इस योजना का विरोध कर रहे हैं। गुरुवार को इस मुद्दे पर करीब 400 से ज्यादा लोग विरोध दर्ज कराने के लिए क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के आगर रोड स्थित दफ्तर जा पहुंचे।

विधायक ने लोगों को समझाइश दी और कार से कहीं जाने लगे। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को बीच में ही रोक लिया। लोग विधायक को भाजपा कार्यालय भी ले गए यहां महिलाएं रोते हुए दफ्तर के भीतर घुस गईं और जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

रहवासी योगेश साहू ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन 24 मीटर चौड़ी सड़क बनने से कई मकान रहने लायक नहीं बचेंगे। उनका कहना है कि वे 18 मीटर चौड़ी सड़क बनाने के प्रस्ताव पर सहमत हैं। रहवासियों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री तक आवेदन दिए गए हैं। समाधान नहीं मिलने के कारण उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।

Related posts

हाइब्रिड यानी संकर सूर्यग्रहण 20 अप्रैल 2023 को होगा, नहीं देख सकेगा उज्जैन…धरती पर कहीं होगा पूर्ण ग्रहण और कहीं वलयाकार

jansamvadexpress

लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी वक्फ संसोधन बिल पास :राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद बनेगा कानून

jansamvadexpress

मणिपुर को लेकर फिर संघ प्रमुख का बयान आया सामने : बोले मणिपुर में परिस्थिति ठीक नहीं

jansamvadexpress

Leave a Comment

Please enter an Access Token