रायपुर | छत्तीसगढ़ राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज पहले चरण के तहत राज्य की 20 सीटों पर वोटिंग जारी है। 10 सीटों पर सुबह 7 से 3 और बाकी की 10 पर सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान का समय निर्धारित किया गया है। कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने के चलते करीब एक घंटे देरी से वोटिंग शुरू हो सकी। वहीं बस्तर सांसद और चित्रकोट से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज वोट नहीं देने पर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं।
दूसरी ओर नारायणपुर में 3 दिन पहले नक्सलियों के हमले में मारे गए भाजपा नेता रतन दुबे का परिवार भी वोट डालने पहुंचा। रतन के पिता के साथ उनकी बेटी मतदान करने आई थीं। इस दौरान रतन के पिता ने कहा कि, उनके बेटे की क्या गलती थी, कि उसे मार दिया। मेरे बेटे की पत्नी, भाई, बहू और मैं वोट देने आए हैं। नक्सल समस्या का हल निकलना चाहिए।
