महाकाल मंदिर की स्मार्ट पार्किंग में भी अब गाड़ियां चोरी होने लगी हैं। चोर बेखौफ होकर पार्किंग में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सोमवार सुबह महाकाल मंदिर की आउटसोर्स कंपनी के कर्मचारी की गाड़ी तीन बदमाश ले गए। इसका वीडियो भी सामने आया है। मंगलवार को महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

महाकाल मंदिर के आउटसोर्स कर्मचारी गोपाल परिहार सोमवार सुबह अपनी बाइक क्रमांक MP-13-EN 6342 नीलकंठ द्वार के पास स्मार्ट पार्किंग पर खड़ी कर मंदिर में चले गए। सुबह करीब 7.45 बजे दो युवकों ने एक के बाद एक गाड़ियों के लॉक तोड़ने की कोशिश की। परिहार की गाड़ी का लॉक टूटा नहीं, तो उन्होंने अपने अन्य साथी को बुलाकर बाइक का लॉक तोड़ दिया। जिसके बाद सुरक्षित मानी जाने वाली स्मार्ट पार्किंग से तीनों बदमाश आसानी से बाइक चोरी कर ले गए।
