यूपी | भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार वाराणसी से नामांकन दाखिल करने पहुचे । इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और NDA में शामिल सभी पार्टियों के लीडर मौजूद रहेंगे । 11 राज्यों के मुख्यमंत्री, 20 केंद्रीय मंत्री, यूपी सरकार के मंत्री और कई सांसद-विधायक भी शामिल होंगे।
पीएम सुबह 9.30 बजे दशाश्वमेध घाट पहुंचे। 6 पंडितों ने गंगा पूजन कराया। पीएम को देखने के लिए घाट पर समर्थकों की भीड़ लग गई। काशी आए पर्यटक भी यहां पहुंचे। ज्यादातर पीएम मोदी को देखना चाहते थे।
करीब 20 मिनट गंगा पूजन के बाद पीएम मोदी ने गंगा आरती की। सभी पंडितों को प्रणाम किया। समर्थकों को हाथ जोड़कर अभिवादन किया। दशाश्वमेध घाट से क्रूज पर सवार होकर पीएम नमो घाट के लिए रवाना हो गए हैं।
गंगा पूजन कराने वाले पंडित वेंकटरमन घनपाठी ने बताया- पीएम ने भक्ति भाव से मां गंगा का पूजन किया। षोडशोपचार विधि से 6 अर्चकों ने गंगा पूजन कराया। उन्होंने अपनी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
नमो घाट से पीएम काशी के कोतवाल कहे जाने वाले कालभैरव मंदिर पहुंचे। दर्शन पूजन किया। अब कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हो गए हैं। इसके बाद, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
