संसद सत्र का सोमवार (1 जुलाई) को छठा दिन है। दोनों सदनों में NEET-UG परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर आज फिर हंगामे के आसार हैं। इससे पहले विपक्ष ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सरकार सेंट्रल एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज दबा रही है।
आज विपक्ष NEET के अलावा अग्निपथ योजना, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की कोशिश करेगा। उधर, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरक्षण की सीमा 50% से ज्यादा करने के लिए संसद से कानून बनाने की मांग की है।
लोकसभा में आज भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत करेंगे। भाजपा की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज की बेटी एवं पहली बार की लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज इस प्रस्ताव का अनुमोदन करेंगी।
लोकसभा ने धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए 16 घंटे का समय निर्धारित किया है, जो मंगलवार 2 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के साथ खत्म होगा। राज्यसभा में चर्चा के लिए 21 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। यहां 3 जुलाई को प्रधानमंत्री जवाब दे सकते हैं।
