देश के दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में बड़ी संख्या में छंटनी हुई है. रिलायंस ने 42000 लोगों को नौकरी से निकाला है. अंबानी की कंपनी देश के बड़ी कंपनियों में शुमार है. रिलायंस इंडस्ट्रीज को वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में 15,138 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है. उनकी कंपनी 21 लाख करोड़ रुपये का कारोबार करने वाली देश की पहली कंपनी बन चुकी है. इन तारीफों के बाद अब जरा झटके वाली हकीकत भी समझिए. रिलायंस ने FY24 में नौकरियों में 11 फीसदी की कमी आई है. कंपनी ने वित्त वर्ष 2023-24 (FY24) के दौरान 42,000 कर्मचारियों की संख्या घटाई है.
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने FY24 में अपने वर्कफोर्स में 11 फीसदी या 42000 स्टाफ की कटौती की है. कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले वित्त वर्ष 2023-24 में 42000 वर्कफोर्स की कटौती की है. कंपनी ने हायरिंग में कटौती की है. सबसे ज्यादा असर रिलायंस के रिटेल सेक्टर पर दिखा है, जहां स्टोर्स से धीमे एक्सपेंशन का असर दिखा है.
अडानी और हिंडनबर्ग मसले पर जारी हंगामे के बीच अब देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी को लेकर मामला उठने लगा है. उद्यमी व इन्वेस्टर अनुपम मित्तल ने पिछले वित्त वर्ष के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों की हुई छंटनी का मामला सोशल मीडिया पर उठाया है. साथ में उन्होंने सवाल किया है कि इस मसले पर इतनी चुप्पी क्यों है.
शादी .कॉम के मालिक अनुपम मित्तल ने किया X पर ये अपडेट
शादी डॉट कॉम के फाउंडर एवं शार्क टैंक इंडिया के जज अनुपम मित्तल ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों की हुई कटौती की एक खबर शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- 42 हजार? यह क्वाइट न्यूज क्यों है? इस खबर से तो आर्थिक और राजनीतिक गलियारे में गंभीर खतरे की घंटियां बजनी चाहिए थी.
इन कारणों से कम किए गए कर्मचारी
टेक इन्वेस्टर ने एक्स पर जो खबर शेयर की है, उसके अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2023-24 में अपने कर्मचारियों की कुल संख्या में 42 हजार की कटौती कर दी. रिलायंस इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों की संख्या में यह भारी-भरकम कमी का कारण लागत को कम करने पर ध्यान देना और हायरिंग की रफ्तार को कम करना बताया जा रहा है.
सबसे ज्यादा रिटेल सेगमेंट में कटौती
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वर्कफोर्स कम करने की जानकारी बीते दिनों जारी अपनी सालाना रिपोर्ट में दी थी. एनुअल रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों की संख्या में 11 फीसदी की कमी आई. सबसे ज्यादा कर्मचारियों की कमी रिटेल सेगमेंट में आई. पिछले वित्त वर्ष के अंत में रिलायंस इंडस्ट्रीज के रिटेल सेक्टर में कर्मचारियों की कुल संख्या 2,07,552 पर आ गई थी, जो उसके कुल कर्मचारियों के लगभग 60 फीसदी के बराबर है. हालांकि एक साल पहले रिटेल सेक्टर में 2,45,581 कर्मचारी काम कर रहे थे.
42k? Why is this ‘quiet news’? Should be raising serious alarm bells across the economic & political circles 🤷🏻 https://t.co/L0XP0nnzHu
— Anupam Mittal (@AnupamMittal) August 10, 2024
जियो में साढ़े पांच फीसदी कम हुए कर्मचारी
रिटेल के अलावा रिलायंस जियो के कर्मचारियों की संख्या में भी अच्छी गिरावट आई है. वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में रिलायंस जियो के कर्मचारियों की संख्या 95,326 पर थी, जो कम होकर वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में 90,067 पर आ गई. यानी रिलायंस जियो के वर्कफोर्स में पिछले वित्त वर्ष के दौरान करीब साढ़े पांच फीसदी की कमी आई.
