नई दिल्ली || कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वह राजा नहीं बनना चाहते और इसकी अवधारणा के ही खिलाफ हैं। उन्होंने यह बात ‘संवैधानिक चुनौतियां: परिप्रेक्ष्य और रास्ते’ नाम के एक दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
संसद के निचले सदन यानी लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वार्षिक कानूनी सम्मेलन-2025 में कुछ ऐसा कह दिया, जिससे वहां मौजूद लोग तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाए। दरअसल, कार्यक्रम में राहुल के संबोधन के दौरान समर्थकों और राहुल को चाहने वालों ने उनके लिए नारेबारी की। लोग चिल्ला रहे थे- ‘देश का राजा कैसा हो, राहुल गांधी जैसा हो’। इस पर राहुल ने कहा कि मैं राजा नहीं हूं। राजा बनना भी नहीं चाहता हूं। मैं राजा के कॉन्सेप्ट के खिलाफ हूं।
