नई दिल्ली || भारत द्वारा पाक के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख दुनिया को बताने गया ऑल पार्टी डेलिगेशन का आखिरी ग्रुप भी मंगलवार को भारत लौट आया है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में यह डेलिगेशन 5 देशों- अमेरिका, पनामा, गुयाना, ब्राजील और कोलंबिया गया था।
शशि थरूर ने दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- जिन पांच देशों में हम गए थे, वहां हमारा स्वागत अच्छे से हुआ। हमनें उन देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उपराष्ट्रपति और दूसरे सीनियर लीडर्स से हाई लेवल मीटिंग की। उन लोगों ने समझा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर क्यों किया।
थरूर ने कहा- केंद्र सरकार ने राजनीतिक सीमाओं से परे भारत की एकता का संदेश देने के लिए सभी दलों के सांसदों को विदेश भेजा था। हमने वह किया जो हमें करने के लिए कहा गया था और हम काफी खुश होकर घर लौट रहे हैं।
थरूर ने आज शाम PM मोदी से मिलने को लेकर कहा, ‘हम बहुत खुश हैं कि प्रधानमंत्री हमसे मिलना चाहते हैं। हालांकि, यह कोई फॉर्मल मीटिंग नहीं होगी। जहां तक मुझे पता है कि हाई टी (शाम में चाय के साथ हल्का नाश्ता) होगा। PM सभी डेलिगेशन से अनौपचारिक तौर पर मिलेंगे।’
