उज्जैन | आज महाशिवरात्रि है। उज्जैन के महाकाल मंदिर, खंडवा के ओंकारेश्वर, रायसेन के भोजपुर और नर्मदापुरम के पचमढ़ी में चौरागढ़ महादेव मंदिर समेत प्रदेश सभी शिवालयों में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा है। प्रदेशभर में जगह-जगह धार्मिक आयोजन भी होंगे।
उज्जैन में महाकाल के पट गुरुवार रात 2.30 बजे खुले जो शनिवार रात 10.30 बजे तक खुले रहेंगे। सुबह दस बजे तक 1.80 लाख श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। सुबह सीएम डॉ. मोहन यादव ने पूजा और अभिषेक किया। मंदिर प्रबंधन ने आज 12 लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई है। इधर, ओंकारेश्वर महाराज का विशेष श्रृंगार कर आरती की गई। श्रद्धालु गर्भगृह के बाहर से दर्शन कर रहे हैं।
