लखनऊ || उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जेवर के सेक्टर-28 में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का वर्चुअल शिलान्यास किया। यह परियोजना HCL और Foxconn के संयुक्त उपक्रम द्वारा स्थापित की जा रही है। इस यूनिट में मोबाइल, लैपटॉप और कारों के लिए ‘डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स’ का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 5G, 6G, इलेक्ट्रिक व्हीकल और डिफेंस जैसे हर आधुनिक क्षेत्र की आत्मा सेमीकंडक्टर है। अब भारत को चिप के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अपनी चिप बनने से वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग में भारत की भागीदारी और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि देश में 85 हजार से अधिक इंडस्ट्री रेडी प्रोफेशनल तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से जेवर क्षेत्र इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट हब बन रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार से निवेश बढ़ा है और हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और नागरिक उपस्थित रहे।
