उज्जैन || मध्यप्रदेश के उज्जैन में आज शिवरात्रि पर्व पर बुधवार को विक्रमोत्सव 2025 का शुभारंभ दशहरा मैदान में रात 8:30 बजे केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा।
विक्रमोत्सव वर्ष प्रतिपदा 30 मार्च 2025 को सम्पन्न होगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में पद्मश्री आनंदन शिमणि, हंसराज रघुवंशी और शिवादल भोपाल की प्रस्तुति भी होगी।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया विक्रमोत्सव के तहत मध्यप्रदेश में शुरू हो रहे सभी प्रमुख 51 महाशिवरात्रि मेलों और सिंहस्थ 2028 की रूपरेखा का लोकार्पण भी होगा। दशहरा मैदान पर प्रसिद्ध गायक हंसराज रघुवंशी और शिवादल की सांगीतिक प्रस्तुति होगी। बुधवार को ही विक्रम व्यापार मेला, वस्त्रोद्योग, हाथकरघा उपकरणों की प्रदर्शनी, जनजातीय शिल्प, पारम्परिक व्यंजन एवं जनजातीय परंपरागत चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा। विक्रमोत्सव के तहत वर्ष प्रतिपदा 30 मार्च गुड़ी पड़वा की रात शिप्रा तट पर गायिका श्रेया घोषाल की प्रस्तुति होगी।
26 फरवरी से 30 जून तक 125 दिन चलने वाले विक्रमोत्सव में प्रदर्शनी, वेद अंताक्षरी, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्र, मूर्तिकला, पौराणिक फिल्मों का अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव, राष्ट्रीय विज्ञान समागम, अंतर्राष्ट्रीय इतिहास समागम, भारतीय बोलियों व हिन्दी भाषाई अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, पुस्तकों के प्रकाशन, विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के एप का लोकार्पण भी किया जा रहा है।
उज्जैन में आयोजित होने वाले व्यापार मेला 2025-26 में हल्की गाड़ियों की बिक्री पर आजीवन कर की दर में 50% छूट देने का निर्णय लिया गया है. इसको लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार, 14 जनवरी को एक नोटिफिकेशन जारी किया है.
