- शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को टोका तो पुलिस से की झूमाझटकी
- 3 आरोपी गिरफ्तार
- सावराखेड़ी रोड पर बंधन गार्डन के सामने की घटना
- दो पुलिसकर्मी घायल
- चार आरोपी फरार
उज्जैन। शहर के सावराखेड़ी रोड पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को समझाइश देना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी और मारपीट की। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। नीलगंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य की तलाश की जा रही है।
बाजार बंद कराने निकली थी पुलिस टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे थाना प्रभारी के निर्देश पर एफआरवी-22 की टीम बाजार बंद कराने और शैडो एरिया में चेकिंग के लिए निकली थी। इसी दौरान आरक्षक विकास लोधी बंधन गार्डन के सामने पहुंचे। वहां 7 से 8 युवक सड़क पर शराब पीकर हंगामा करते नजर आए।
पुलिसकर्मियों ने युवकों को सार्वजनिक स्थान पर हंगामा नहीं करने और घर जाने की समझाइश दी। आरोप है कि इस पर युवक विवाद करने लगे और जवानों के साथ अभद्रता करते हुए झूमाझटकी करने लगे।
आरक्षक की वर्दी के बटन टूटे, एफआरवी पायलट घायल
विवाद के दौरान आरक्षक विकास लोधी की वर्दी के बटन टूट गए, जबकि एफआरवी पायलट लोकेन्द्र को चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी हाथापाई की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को मौके से पकड़ लिया और थाने ले गई।
इन तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
नीलगंगा थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
-
अंकित पिता लखन (23 वर्ष) — तिरुपति गोल्ड, कानीपुरा -
यश पिता रविंद्र (25 वर्ष) — कानीपुरा रोड -
विकास पिता मीनारमण — तिरुपति गोल्ड
नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना में शामिल अन्य चार युवकों की तलाश की जा रही है।

