महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में केजी की 3 और 4 साल की 2 बच्चियों से एक निजी स्कूल में यौन शोषण की घटना सामने आने के बाद मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन हुआ था। हजारों की भीड़ यहां के लोकल ट्रेन के रेलवे ट्रैक पर उतर आई थी।
भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया था। करीब 17 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने करीब 300 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। 72 लोगों को अरेस्ट किया गया है। आज भी बदलापुर में इंटरनेट और स्कूल बंद हैं।
मामले की जांच के लिए IG आरती सिंह के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा और सरकारी वकील उज्ज्वल निकम होंगे।
उधर बदलापुर के बाद अब अकोला में भी ऐसा ही मामला सामने आया है। काजीखेड़ के जिला परिषद स्कूल के टीचर प्रमोद मनोहर पर स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है।
आरोपी टीचर ने आठवीं क्लास में पढ़ने वाली 6 छात्राओं का यौन उत्पीड़न किया। टीचर उनको अश्लील वीडियो दिखाता था और गलत तरीके से छूता था। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने टीचर को अरेस्ट कर लिया है।
बदलापुर में भीड़ ने मंगलवार, 20 अगस्त को पहले स्कूल में तोड़फोड़ की फिर सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बदलापुर स्टेशन पर प्रदर्शन किया। 10 घंटे से ज्यादा लोकल ट्रेनों की आवाजाही रुकी रही। शाम को पुलिस ने लाठीचार्ज कर रेलवे ट्रैक खाली कराया।
कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए बदलापुर स्टेशन पहुंचे, परंतु उन्हें लौटना पड़ा। इसके बाद उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SIT गठित करने का ऐलान किया। इसके अलावा, सरकार ने केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही।
इस बीच, राज्य सरकार ने यौन शोषण का केस दर्ज करने से 12 घंटे तक टालते रहे बदलापुर थाने के महिला पुलिस निरीक्षक समेत 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया।
12 और 13 अगस्त की घटना , पुलिस ने नहीं दर्ज की FIR
घटना 12 और 13 अगस्त की है। आदर्श स्कूल में 23 साल के स्वीपर अक्षय शिंदे ने दोनों बच्चियों का यौन शोषण किया। इसके बाद दोनों लड़कियां स्कूल जाने से डर रही थीं। माता-पिता को संदेह हुआ। उन्होंने लड़की को भरोसे में लेकर पूछताछ की तो बात सामने आई।
एक पेरेंट ने उसी कक्षा की दूसरी लड़की के माता-पिता से संपर्क किया। जब डॉक्टर ने जांच की तो असल घटना सामने आई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभदा शितोले ने पॉक्सो का मामला होने के बावजूद FIR दर्ज करने में टालमटोल की।
बच्ची के माता-पिता ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से बदलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दो दिन बाद 16 अगस्त शुक्रवार देर रात केस दर्ज किया। 17 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अक्षय 1 अगस्त को ही स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त हुआ था।
