उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व 2028 को भव्य, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उज्जैन नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुका है। शहर के प्रमुख मार्गों को बाधारहित बनाने के लिए निगम द्वारा लगातार बड़ी कार्रवाइयां की जा रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को नीलगंगा क्षेत्र में प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने मुख्य मार्ग पर निगम का बुल्डोजर चला और 8 से 10 बड़े अवैध अतिक्रमणों को मलबे में तब्दील कर दिया गया। ह प्रभावी कार्रवाई निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद अमल में लाई गई है।
कमिश्नर के निर्देश पर चला जेसीबी: ढहाए गए अवैध मकान और दुकानें हाल ही में निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने लोटी तिराहे से नीलगंगा पेशवाई मार्ग के बीच प्लेटफॉर्म क्रमांक 8 के सामने भारी अतिक्रमण देखा था। यहाँ कुछ लोगों द्वारा मकान, दुकानें और गैरेज बनाकर सड़क को संकरा कर दिया गया था, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। कमिश्नर के निर्देश मिलते ही निगम की रिमूवल गैंग जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुँची। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सड़क किनारे बने अवैध मकानों, दुकानों और गैरेज को खाली कराया और देखते ही देखते अवैध निर्माणों को ढहा दिया। इस कार्रवाई से अब यह मुख्य मार्ग पूरी तरह सुगम और चौड़ा हो गया है।
साधु-संतों की ‘पेशवाई’ के लिए बेहद महत्वपूर्ण है यह मार्ग
बता दें कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान नीलगंगा तालाब से निकलने वाली भगवान की भव्य पेशवाई इसी मार्ग से होकर गुजरती है। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और साधु-संतों के आवागमन में कोई बाधा न आए, इसलिए इस मार्ग को व्यवस्थित और चौड़ा करना बेहद जरूरी था। निगम की इस कार्रवाई से सिंहस्थ के दौरान यातायात पूरी तरह सुगम रहेगा।
मिसाल: विकास के साथ पर्यावरण का भी रखा ध्यान, दो पीपल के पेड़ों का सफल 'री-प्लांटेशन' इस बड़ी कार्रवाई की सबसे खास और सराहनीय बात यह रही कि नगर निगम ने विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भी अनूठी मिसाल पेश की। अतिक्रमण हटाने के दौरान रास्ते में आ रहे दो विशाल पीपल के वृक्षों को काटा नहीं गया, बल्कि उन्हें अत्यंत सुरक्षित तरीके से जड़ सहित निकाला गया (पुनः प्रत्यारोपण) और लोटी स्कूल परिसर में सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिया गया।
मौके पर तैनात रहा भारी अमला
इस पूरी धमाकेदार कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी श्री मनोज राजवानी, कार्यपालन यंत्री श्री दीपक शर्मा, भवन निरीक्षक श्रीमती योगिता तंवर समेत नगर निगम की रिमूवल गैंग और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सिंहस्थ के काम में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा।





