- बड़नगर जनपद में विवाद गहराया
- सदस्यों को ‘चोर’ कहने के आरोप पर थाने पहुंचे भाजपा जनपद सदस्य
- अध्यक्ष के पति पर पद के दुरुपयोग का आरोप
- 5 लाख रुपये सालाना मिलने वाली राशि में कटौती का दावा
- निष्पक्ष जांच की मांग
- थाना प्रभारी बोले– शिकायत की जांच की जा रही है
- भाजपा जिला अध्यक्ष ने भी मामले को दिखवाने की बात कही
विजय नीमा | बड़नगर।
बड़नगर जनपद पंचायत में जनपद सदस्यों और जनपद अध्यक्ष के पति के बीच विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। जनपद सदस्यों को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ‘चोर’ कहने के मामले में शुक्रवार को भाजपा के चार जनपद सदस्य बड़नगर थाने पहुंचे और शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। सदस्यों ने जनपद अध्यक्ष निर्मला उमराव सिंह के पति उमराव सिंह पर अध्यक्ष के पद का कथित दुरुपयोग करने और जनपद सदस्यों को मिलने वाली विकास राशि में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
जनपद सदस्यों का आरोप है कि उमराव सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जनपद सदस्यों को चोर कहा। इसके बाद सदस्यों ने विरोध जताते हुए कहा कि उनके ऊपर लगाए गए आरोपों के प्रमाण सामने रखे जाएं। साथ ही सदस्यों को मिलने वाली राशि के वितरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि राशि कहां और किस आधार पर वितरित की जा रही है।
पांच लाख रुपये की राशि में कटौती का आरोप
जनपद सदस्य लाखन सिंह पवार, वार्ड क्रमांक 20 रोपाड़ा ने आरोप लगाया कि जनपद सदस्यों को सालाना करीब पांच लाख रुपये की राशि मिलना चाहिए, लेकिन पूरी राशि नहीं दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि किसी सदस्य को दो लाख, किसी को डेढ़ लाख और किसी को तीन लाख रुपये दिए जा रहे हैं, जबकि कुछ सदस्यों को राशि नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि शेष राशि कहां जा रही है और इसका हिसाब क्यों नहीं दिया जा रहा? जनपद सदस्यों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और जांच की मांग की।
वार्ड में अब तक छह लाख रुपये मिलने का दावा

वार्ड क्रमांक 15 के जनपद सदस्य नरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि उनके वार्ड में अब तक कुल छह लाख रुपये ही दिए गए हैं। उन्होंने राशि वितरण को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता ने उन्हें विकास कार्यों के लिए चुनकर भेजा है, लेकिन राशि का उचित वितरण नहीं होने से जनता के सामने जवाब देना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने जनपद अध्यक्ष निर्मला उमराव सिंह के पति उमराव सिंह पर बैठकों में अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठने का आरोप भी लगाया। जनपद सदस्यों ने इस पूरे मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।
महिला जनपद सदस्यों के सम्मान का मुद्दा भी उठाया
एक महिला जनपद सदस्य ने कहा कि गांव की गृहणी होने के साथ वे निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। उनके अनुसार जोन की 14 महिला जनपद सदस्यों सहित अन्य सदस्यों को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि जनपद सदस्यों पर चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं तो उनके प्रमाण सार्वजनिक किए जाएं।
उन्होंने विधायक जितेंद्र सिंह पंड्या से हस्तक्षेप की अपील करते हुए मुख्यमंत्री से भी मामले में कार्रवाई कराने की मांग की।
इनका कहना
थाना प्रभारी बोले– शिकायत की जांच की जा रही है
बड़नगर थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार ने मामले को लेकर बताया कि जनपद अध्यक्ष के पति के संबंध में कुछ जनपद सदस्यों ने शिकायत की है। शिकायत की जांच की जा रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष बोले– मामला मेरे संज्ञान में नहीं था, अब दिखवाता हूं
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कहा कि उक्त मामला उनके संज्ञान में नहीं आया था। अभी उन्हें इसकी जानकारी मिली है, वे मामले को दिखवाएंगे।
कार्रवाई और जांच पर टिकी नजर
चार जनपद सदस्यों ने विधायक, सांसद, भाजपा जिला अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। सदस्यों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे बड़ा कदम उठाएंगे।
बड़नगर जनपद पंचायत में उठे इस विवाद में अब पुलिस जांच और संगठन स्तर पर मामले को देखने की बात सामने आई है। जनपद सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही राशि वितरण और कथित पद के दुरुपयोग से जुड़े सवालों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


