- घट्टिया जनपद सदस्य वार्ड-02 उपचुनाव
- 4 दिसंबर को होगा मतदान
- 4897 मतदाता करेंगे मताधिकार का उपयोग
- 10 मतदान केंद्रों पर ईवीएम से होगी वोटिंग
- मतदान दलों का पहला प्रशिक्षण सम्पन्न
- 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे
जनसंवाद एक्सप्रेस डिजिटल |
उज्जैन। पंचायत उप निर्वाचन वर्ष-2026 के तहत उज्जैन जिले के विकासखंड घट्टिया में जनपद पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 02 के रिक्त पद पर चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 4 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए शनिवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. विजय सुखवानी, डॉ. संदीप नाडकर्णी एवं डॉ. संजीव तिवारी ने मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान ईवीएम के संचालन, मतदान केंद्रों पर पालन किए जाने वाले नियमों और निर्वाचन संबंधी जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
चार ग्राम पंचायतों के 4897 मतदाता करेंगे मतदान
विकासखंड घट्टिया की जनपद पंचायत सदस्य वार्ड क्रमांक 02 की सीट अनारक्षित महिला वर्ग के लिए निर्धारित है। इस वार्ड में रूई, गुढ़ा, लसूडिया बाजार और धूलमहू सहित चार ग्राम पंचायतें शामिल हैं। यहां कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
निर्वाचन में कुल 4897 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 2474 पुरुष, 2422 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल हैं।
सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 दिसंबर 2026 को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। पूरी मतदान प्रक्रिया ईवीएम के माध्यम से संपन्न होगी। वहीं, 8 दिसंबर 2026 को विकासखंड मुख्यालय पर मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
1 दिसंबर को होगा दूसरा प्रशिक्षण
मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 1 दिसंबर 2026 को विकासखंड घट्टिया में दोपहर 1 बजे से आयोजित किया जाएगा। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जो चुनाव परिणाम घोषित होने तक प्रभावशील रहेगी।




