- रिटायरमेंट से पहले ASI के लिए रिश्वत लेते चाय दुकान संचालक को लोकायुक्त ने पकड़ा
- 6 हजार रुपये की रिश्वत का मामला
उज्जैन। वर्दी की जिम्मेदारी निभाने के बजाय रिश्वतखोरी का मामला सामने आने पर उज्जैन लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। तराना थाना क्षेत्र की नैनावद चौकी में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) मोहनलाल मालवीय के लिए 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ASI ने एक शिकायतकर्ता के परिवार की महिला और लड़की को जेल नहीं भेजने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
10 हजार की मांग, 6 हजार में तय हुआ सौदा
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम गोलवा निवासी ईश्वर राजोरिया ने 25 नवंबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि नैनावद चौकी में पदस्थ ASI मोहनलाल मालवीय ने उसके खिलाफ झूठे अपराध में परिवार की लड़की और पत्नी को जेल नहीं भेजने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान 6 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
आरोप है कि ASI ने रिश्वत की रकम सीधे लेने के बजाय चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था।
चाय की दुकान पर बिछाया जाल, रकम लेते ही दबोचा
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने शिकायत का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर 26 नवंबर को ट्रैप दल गठित किया गया। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता ईश्वर राजोरिया नैनावद चौकी पहुंचा, जहां ASI मोहनलाल मालवीय ने उसे रिश्वत की रकम चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने जितेंद्र सिंह देवड़ा को 6 हजार रुपये दिए, पहले से तैयार लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
10 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक शेजवार, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, शिवकुमार शर्मा, आरक्षक श्याम शर्मा और उमेश जाटवा सहित कुल 10 सदस्य शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

