- उज्जैन से अयोध्या तक निकलेगी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’
- पटनी बाजार और गोपाल मंदिर में व्यापारियों को दिया न्योता
Buero Report | जनसंवाद एक्सप्रेस डिजिटल
उज्जैन। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक प्रस्तावित ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ को लेकर शहर में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। मंगलवार को पटनी बाजार और गोपाल मंदिर क्षेत्र में कांग्रेस नेता सुदर्शन गोयल एवं डॉ. जितेंद्र परमार के नेतृत्व में व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से संपर्क कर उन्हें यात्रा के शुभारंभ समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
यात्रा को लेकर उज्जैन के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र पटनी बाजार एवं गोपाल मंदिर क्षेत्र में कांग्रेस नेता *सुदर्शन गोयल एवं डॉ. जितेंद्र परमार के नेतृत्व में सघन जनसंपर्क किया गया। दोनों नेताओं ने बाजार की प्रत्येक दुकान एवं घर-घर जाकर व्यापारियों, मातृशक्ति एवं आमजनों को आमंत्रण पत्र देकर 20 अक्टूबर को होने वाले शुभारंभ समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।।
पटनी बाजार और गोपाल मंदिर में दिखा उत्साह
उज्जैन के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल पटनी बाजार और गोपाल मंदिर में जनसंपर्क के दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों को यात्रा के उद्देश्य और शुभारंभ कार्यक्रम की जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के दौरान लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा को धार्मिक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सनातन परंपरा, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना है। जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और अभिषेक से होगा शुभारंभ
आयोजकों द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर, मंगलवार को सुबह 8 बजे उज्जैन में नृसिंह घाट के समीप बालाजी गार्डन में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इनमें विश्व कल्याण की कामना के साथ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन, अभिषेक, कन्या भोज और भंडारा प्रसादी शामिल हैं।
धार्मिक कार्यक्रम के बाद बालाजी गार्डन से ही ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का शुभारंभ प्रस्तावित है। आयोजकों का कहना है कि उज्जैन से अयोध्या तक की यह पदयात्रा लगभग 930 किलोमीटर की होगी और इसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है।
धार्मिक यात्रा को गैर-राजनीतिक बताया
आयोजकों ने यात्रा को पूर्णतः गैर-राजनीतिक और धार्मिक बताया है। हालांकि, यात्रा का नेतृत्व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कर रहे हैं, इसलिए इसके आयोजन और उद्देश्य को लेकर राजनीतिक एवं धार्मिक दोनों ही दृष्टियों से लोगों की रुचि बनी हुई है।
पटनी बाजार और गोपाल मंदिर क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क के दौरान सैय्यद बिलाल, नागेश परमार, धर्मेंद्र मालवीय, वीरेंद्र मालवीय, सुमित भाटी और अजय राय सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

