Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsआगर-मालवाउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

पानी नहीं तो वोट नहीं! जमुनिया गांव में नेताओं की एंट्री पर रोक

HEADLINE
  • पानी नहीं तो वोट नहीं! जमुनिया गांव में नेताओं की एंट्री पर रोक
  • ग्रामीणों ने सामूहिक शपथ लेकर लगाया बैनर
  • सिंचाई के लिए पानी और गांव की समस्याओं का समाधान होने तक जनप्रतिनिधियों का स्वागत नहीं करने का फैसला
  • सूखाग्रस्त घोषित करने की भी उठाई मांग
जनसंवाद एक्सप्रेस डिजिटल | बड़ौद (आगर)

बड़ौद (आगर)। मध्यप्रदेश में पानी और सिंचाई की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। आगर जिले की बड़ौद तहसील के ग्राम जमुनिया में ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर अनूठा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गांव के बाहर बैनर लगाकर ग्रामीणों ने साफ संदेश दिया है कि जब तक पानी की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक गांव में नेताओं का स्वागत नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ लेकर निर्णय लिया है कि सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त होने और गांव की मूलभूत समस्याओं का निराकरण होने तक किसी भी नेता को गांव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पानी और सिंचाई की समस्या बनी हुई है, लेकिन उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर समाधान चाहिए।

गांव के बाहर लगाया बैनर, लिखा- पानी नहीं तो वोट नहीं

ग्रामीणों ने गांव के बाहर लगाए गए बैनर पर बड़े अक्षरों में ‘पानी नहीं तो वोट नहीं’ का नारा लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया है। इसके साथ ही ‘किसान एकता जिंदाबाद’ और ‘जय जवान-जय किसान’ के नारों के जरिए एकजुटता का संदेश दिया है। ग्रामीणों का यह कदम जनप्रतिनिधियों के प्रति उनकी नाराजगी को जाहिर कर रहा है।

आगर और बड़ौद को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग

ग्रामीणों ने आगर जिले सहित बड़ौद तहसील को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पानी की कमी और पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था नहीं होने से किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शासन को क्षेत्र की स्थिति का आकलन कर किसानों को राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बारी

जमुनिया गांव में ग्रामीणों का यह विरोध अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। बैनर और सामूहिक शपथ के जरिए ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक अपनी नाराजगी पहुंचाने की कोशिश की है। सवाल यह है कि किसानों की इस नाराजगी के बाद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि कब तक सक्रिय होंगे? क्या ग्रामीणों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल पाएगा या फिर ‘पानी नहीं तो वोट नहीं’ का यह विरोध आगे और व्यापक रूप लेगा?

 

 

Related posts

22 लाख दीपक जलाकर उज्जैन शहर विश्व कीर्तिमान रचेगा

श्री राष्ट्रिय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रिय अध्यक्ष की दिनदहाड़े हत्या , जयपुर में राजपूतो में आक्रोश

कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया आज रतलाम में रहेंगे

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page