तिरुमाला।* आंध्र प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर में गुरुवार 26 नवंबर 2026 को आस्था का वो नजारा देखने को मिला, जो इतिहास में दर्ज हो गया। चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने भगवान श्री वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए। हीरे जड़े इन आभूषणों की कुल कीमत करीब 206 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
दान की यह रकम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को सौंपी गई। TTD के मुताबिक किसी एक भक्त की ओर से भगवान को दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा दान है।
9 सेट में 46 आभूषण, 15 महीने में बने
दान में कुल 9 सेट में 46 आभूषण शामिल हैं। इनमें भगवान के लिए श्रीवरु मुकुट, पद्म पादालु (पैरों के आभूषण), कमरबंद, बाजूबंद, शंख-चक्र, अभय हस्त, हार, चेन और बाघ के नाखून वाले आभूषण शामिल हैं।
इन आभूषणों में 121 किलो सोने के साथ 238.2 कैरेट के हीरे भी जड़े हैं। इन्हें चेन्नई के GRT ज्वेलर्स में करीब 15 महीने में विशेष रूप से तैयार किया गया था।
दान में से 106 किलो सोना भगवान श्री वेंकटेश्वर के लिए और 15 किलो सोना देवी श्री पद्मावती अम्मावरु के लिए भेंट किया गया है।
कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन चेन्नई के रहने वाले बड़े उद्योगपति हैं। वह हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी Access Healthcare के फाउंडर और पूर्व वाइस चेयरमैन हैं। यह कंपनी अमेरिका के अस्पतालों के लिए मेडिकल बिलिंग, मेडिकल कोडिंग और हेल्थकेयर BPO का काम करती है।
उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की, फिर अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया। वह Dell Services के BPO डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर भी रह चुके हैं।
2025 में उन्होंने Access Healthcare की 70% हिस्सेदारी एक अमेरिकी कंपनी को करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 16,000 करोड़ रुपये) में बेची थी। उसी के बाद उन्होंने यह महादान करने का फैसला किया था।
पहले भी कर चुके हैं करोड़ों का दान
वर्धमान जैन तिरुपति से 2019 से जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह SVBC चैनल के डेवलपमेंट के लिए 7 करोड़ रुपये, TTD गौशाला के लिए 5 करोड़ की चारा मिक्सिंग प्लांट, मई 2026 में इलेक्ट्रिक बसें और 1 करोड़ की कॉइन सॉर्टिंग मशीन दान कर चुके हैं।
SVBC चैनल क्या है?
SVBC यानी श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल, TTD का अपना भक्ति चैनल है, जो 2008 में शुरू हुआ था। इस पर तिरुमला से रोज की पूजा, सुप्रभातम सेवा, ब्रह्मोत्सव, भजन और प्रवचन लाइव दिखाए जाते हैं, ताकि जो भक्त तिरुपति नहीं आ सकते, वो घर बैठे दर्शन कर सकें।
क्या टैक्स में मिलेगा फायदा?
यह दान कंपनी की तरफ से नहीं, बल्कि वर्धमान जैन ने पर्सनल तौर पर दिया है, इसलिए कंपनी को इसका टैक्स फायदा नहीं मिलेगा। इसके अलावा 80G में सिर्फ पैसे के दान पर छूट मिलती है, सोने जैसे सामान के दान पर नहीं। मंदिर के रिनोवेशन के लिए दिए गए दान पर भी सिर्फ 50% तक और कुल आमदनी के 10% तक ही छूट का प्रावधान है।
*मुख्यमंत्री ने किया धन्यवाद*
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जैन दंपति का आभार जताते हुए कहा कि भगवान के प्रति भक्तों की श्रद्धा सदियों से बनी हुई है। मध्यकालीन राजा श्रीकृष्णदेवराय से लेकर आज के जैन दंपति तक भक्त लगातार मंदिर को भेंट देते रहे हैं।
नए आभूषणों को शुक्रवार को अभिषेक के बाद भगवान को पहनाया जाएगा।





