- MSME मंत्री चेतन्य काश्यप होंगे इंदौर के नए प्रभारी मंत्री
- अब जिले के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की निगरानी की संभालेंगे कमान
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में बुधवार को बड़ा बदलाव सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री की जिम्मेदारी छोड़ दी है। अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप को इंदौर जिले का नया प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा 25 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, चेतन्य काश्यप को उनके मौजूदा विभागीय दायित्वों के साथ इंदौर जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले इंदौर जिले की जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संभाल रहे थे।
विकास कार्यों की होगी समीक्षा
नए प्रभारी मंत्री के रूप में चेतन्य काश्यप इंदौर जिले में राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास परियोजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। जिले के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सरकारी योजनाओं को गति देने की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
मुख्यमंत्री के फैसले के क्या हैं मायने?
मुख्यमंत्री द्वारा स्वयं संभाले जा रहे इंदौर जिले का प्रभार दूसरे मंत्री को सौंपना प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेशव्यापी प्रशासनिक और विकास संबंधी जिम्मेदारियों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे, वहीं इंदौर में स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा के लिए अलग से प्रभारी मंत्री उपलब्ध रहेंगे।
अब देखना होगा कि नए प्रभारी मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में इंदौर जिले की विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को कितनी गति मिलती है।

