- इंदौर के अरविंदो कॉलेज में मधुमक्खियों का हमला
- 20 छात्र-छात्राओं को मारे डंक
- पटाखे की चिंगारी से भड़का छत्ता
- मची भगदड़
- एनुअल फेस्ट ‘हार्मोनी’ के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने बोला हमला
- जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे मेडिकल स्टूडेंट्स
- ICU में भर्ती की खबरों को पुलिस ने बताया भ्रामक
इंदौर। कॉलेज में चल रहे जश्न का माहौल उस वक्त दहशत में बदल गया, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने विद्यार्थियों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कोई जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा तो किसी ने कपड़े से अपना चेहरा और सिर ढंक लिया। घटना इंदौर के अरविंदो मेडिकल इंस्टीट्यूट के डेंटल कॉलेज की है, जहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खियों के हमले में करीब 20 लोग प्रभावित हुए हैं। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं।
पटाखे की चिंगारी से भड़का मधुमक्खियों का छत्ता!
जानकारी के अनुसार कॉलेज में गुरुवार को वार्षिक उत्सव ‘हार्मोनी’ आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थी मौजूद थे। इसी दौरान आतिशबाजी के बीच एक पटाखे की चिंगारी पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते तक पहुंचने की आशंका जताई गई। इसके बाद बड़ी संख्या में मधुमक्खियां छत्ते से बाहर निकल आईं और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
सिर, चेहरे और गर्दन पर मारे डंक, जान बचाने के लिए भागे छात्र
अचानक हुए हमले से विद्यार्थियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मधुमक्खियों ने सिर, चेहरे, गर्दन और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों पर डंक मारे। छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ विद्यार्थियों ने कपड़ों से चेहरा ढंका तो कुछ ने सुरक्षित जगहों पर छिपकर खुद को बचाया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
20 लोग प्रभावित, ICU में भर्ती की खबर पर पुलिस का स्पष्टीकरण
घटना के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 9 विद्यार्थियों को ICU में भर्ती किए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने इस खबर को भ्रामक बताया। पुलिस के अनुसार करीब 20 लोग मधुमक्खियों के हमले से प्रभावित हुए, लेकिन किसी को गंभीर चोट आने और ICU में भर्ती होने की पुष्टि नहीं हुई है। कॉलेज प्रबंधन ने भी बताया कि प्रभावित विद्यार्थियों को उपचार उपलब्ध कराया गया है और सभी स्वस्थ हैं।
कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिर आतिशबाजी के दौरान आसपास मौजूद मधुमक्खियों के छत्तों को लेकर सावधानी क्यों नहीं बरती गई? क्या कार्यक्रम से पहले परिसर का सुरक्षा निरीक्षण किया गया था? पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने की समझाइश दी है। फिलहाल पुलिस के अनुसार इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


