Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsउज्जैनउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

उज्जैन को स्वच्छता में राष्ट्रीय सम्मान, बाबा महाकाल के चरणों में समर्पित किया पुरस्कार

HEADLINE
  • बाबा महाकाल के चरणों में समर्पित हुआ उज्जैन की स्वच्छता का राष्ट्रीय सम्मान
  • सफाई मित्रों का हुआ सम्मान
  • स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरी बार प्रथम स्थान हासिल कर उज्जैन ने रचा इतिहास
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों मिला था पुरस्कार

उज्जैन। स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी पहचान कायम करने वाले बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन ने अपनी गौरवशाली उपलब्धि को भगवान महाकाल के चरणों में समर्पित किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद गुरुवार को महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा राष्ट्रीय पुरस्कार लेकर सीधे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से बाबा महाकाल के चरणों में पुरस्कार अर्पित कर शहर की इस उपलब्धि के लिए आभार व्यक्त किया गया।

दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्वच्छता सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उज्जैन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया था। इंदौर विमानतल से उज्जैन पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों ने सबसे पहले महाकाल मंदिर पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद लिया।

सफाई मित्रों के साथ मनाया जीत का जश्न

इस उपलब्धि को खास बनाने के लिए नगर निगम के सफाई मित्रों को भी महाकाल मंदिर बुलाया गया। महापौर, निगम अध्यक्ष और निगम आयुक्त ने सफाई मित्रों के साथ राष्ट्रीय सम्मान की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल नगर निगम या जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं, बल्कि उन सफाई मित्रों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों की मेहनत का परिणाम है, जो उज्जैन को स्वच्छ बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने उज्जैन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए सफाई मित्रों और निगम की टीम का उत्साहवर्धन किया।

मंदिर समिति ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित

राष्ट्रीय सम्मान की खुशी में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भी सफाई मित्रों का आत्मीय स्वागत किया गया। समिति ने सफाई मित्रों को बाबा महाकाल का दुपट्टा और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सफाई मित्रों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

महापौर और निगम आयुक्त की शहरवासियों से अपील

महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने शहरवासियों से अपील की कि उज्जैन को मिली राष्ट्रीय पहचान को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी में प्रतिदिन हजारों-लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। यहां से लौटने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के मन में उज्जैन की स्वच्छता, सुंदरता और बेहतर व्यवस्था की सकारात्मक छवि होनी चाहिए।

उन्होंने नागरिकों से खुले में कचरा नहीं फेंकने, निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों में ही कचरा डालने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।

उज्जैन की यह उपलब्धि बताती है कि जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन, नगर निगम प्रशासन की कार्ययोजना और सफाई मित्रों की मेहनत से शहर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है। अब इस उपलब्धि को बरकरार रखना नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

 

Related posts

नगर परिषद भौरासा में अंगद के पांव के समान जमे इंजीनियर को हटाने भोपाल पहुंचे जोशी 

21 सितम्बर को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी की शपथ: साथ में मंत्री भी लेगे शपथ

Jansamvad Express Digital

साल 2027 में होगी चंद्रयान 4 की लांचिंग : ISRO चीफ ने की घोषणा

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page