Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsउज्जैनउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

बागड़िया टावर में भीषण आग, 5 मंजिला इमारत में मची चीख-पुकार

HEADLINE
  • बागड़िया टावर में भीषण आग
  • 5 मंजिला इमारत में मची चीख-पुकार
  • 15 लोगों का रेस्क्यू
  • मुस्लिम बस्ती के लोगों ने बचाई हिंदू परिवारों की जान
  • मिल्कीपुरा के रहवासियों ने धर्म से ऊपर उठकर पेश की इंसानियत की मिसाल
  • कैंसर पीड़ित महिला ने छत पर पहुंचकर बचाई जान
  • शहर की बड़ी मल्टियों की फायर सेफ्टी पर उठे सवाल

उज्जैन। शहर में बुधवार शाम पुरानी सेंटर कोतवाली के पास स्थित पांच मंजिला बागड़िया टावर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं के गुबार से घिर गई। बिल्डिंग में रहने वाले परिवारों के लिए यह शाम दहशत भरी बन गई। महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग सहित करीब 15 लोग इमारत में फंस गए। इन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

इस हादसे के बीच उज्जैन ने सामाजिक सौहार्द और इंसानियत की ऐसी मिसाल देखी, जिसने आग की लपटों के बीच भी उम्मीद की रोशनी जलाई। बागड़िया टावर में बड़ी संख्या में हिंदू परिवार रहते हैं, जबकि इसके पास ही मुस्लिम बहुल मिल्कीपुरा बस्ती है। आग लगने की जानकारी मिलते ही मिल्कीपुरा के रहवासी और युवा बिना देर किए मदद के लिए पहुंच गए। प्रशासनिक अमले के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ही स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।

मिल्कीपुरा के मुस्लिम रहवासियों ने बचाई हिंदू परिवारों की जान

बागड़िया टावर में आग लगने के बाद जब लोगों की जान पर बन आई, तब पास की मुस्लिम बस्ती मिल्कीपुरा के रहवासियों ने आगे बढ़कर बचाव की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने न किसी का धर्म देखा और न जाति। उनके सामने सिर्फ एक मकसद था कि इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

स्थानीय लोगों ने सीढ़ियां लगाकर और एक-दूसरे का सहयोग लेकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान मुस्लिम युवाओं और रहवासियों का साहस पूरे घटनाक्रम का सबसे मानवीय पहलू बनकर सामने आया। बागड़िया टावर में रहने वाले हिंदू परिवारों की मदद के लिए मुस्लिम बस्ती के लोगों का आगे आना सामाजिक एकता की ऐसी तस्वीर है, जिसे शहर लंबे समय तक याद रखेगा।

कैंसर पीड़ित महिला ने छत पर पहुंचकर बचाई जान

इस अग्निकांड में एक कैंसर पीड़ित महिला की स्थिति भी बेहद चिंताजनक हो गई। इमारत में धुआं फैलने और आग का विकराल रूप लेने के बीच महिला किसी तरह छत पर पहुंची और वहां अपनी जान बचाई। बीमारी से जूझ रही महिला के लिए यह स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान छत पर फंसे लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 

आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहन, NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहन लगाए गए। बाद में दमकल वाहनों की संख्या बढ़ाई गई। NDRF और SDRF की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में शामिल हुईं। बागड़िया टावर में करीब 60 फ्लैट और 250 से 300 लोगों के रहने की जानकारी सामने आई है।

एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन सिंह की मौजूदगी में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी रहीं। इमारत की लोहे की खिड़कियां तोड़कर सीढ़ियां लगाई गईं, ताकि अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सके। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को प्राथमिकता दी गई। छत पर थाना प्रभारी सहित फंसे अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।

 दुकान में रखे कबाड़ से आग फैलने की आशंका

क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि मोहित जायसवाल के अनुसार, बिल्डिंग के निचले हिस्से में बनी एक दुकान में काफी मात्रा में कबाड़ रखा हुआ था। आशंका है कि इसी दुकान में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलती हुई पूरी इमारत तक पहुंच गईं। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अनिल जैन भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया।

शहर की बड़ी मल्टियों में फायर सेफ्टी के इंतजाम कितने सुरक्षित?

बागड़िया टावर की आग ने नगर निगम के फायर विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में निजातपुरा का महालक्ष्मी अपार्टमेंट, आगर रोड पर पुराने चिमनगंज मंडी थाने के पास राज रतन टावर और नानाखेड़ा-इंदौर रोड स्थित 12 माला मल्टी जैसी कई बड़ी इमारतें हैं। इनमें बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं।

सवाल है कि क्या इन इमारतों में फायर हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर, फायर अलार्म और आपातकालीन निकास जैसे जरूरी इंतजाम मौजूद हैं? क्या नगर निगम का फायर विभाग नियमित रूप से इनका निरीक्षण करता है? इन इमारतों का अंतिम फायर सेफ्टी ऑडिट कब हुआ था? क्या इनके अग्निशमन उपकरण वास्तव में काम करने की स्थिति में हैं?

बागड़िया टावर में यदि स्थानीय रहवासी समय पर मदद के लिए आगे नहीं आते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। ऐसे में नगर निगम को शहर की सभी बहुमंजिला इमारतों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराकर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।

अधिकारियों का दावा- कोई जनहानि नहीं

 

एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुसार, स्थानीय रहवासियों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। धुएं के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई थी, जिन्हें एहतियातन अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी सुरक्षित हैं।

आग बुझ गई, लेकिन कई सवाल छोड़ गई

बागड़िया टावर की आग ने एक तरफ मिल्कीपुरा के लोगों की इंसानियत और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की, तो दूसरी तरफ शहर की बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। आखिर नगर निगम किसी बड़े हादसे के बाद ही क्यों जागता है? क्या उज्जैन के हजारों परिवारों की सुरक्षा केवल फायर एनओसी के कागजों तक सीमित है या वास्तव में उनके भवनों में आग से बचाव के इंतजाम भी काम करने की स्थिति में हैं?

 

Related posts

उज्जैन में टीम इंडिया का फोटो रखकर फैन्स ने किया पूजन, अंगारेश्वर मंदिर में प्रार्थना

जम्मू कश्मीर सहित चार राज्यों में चुनाव तारीखों का आज हो सकता है एलान: आज 3 बजे चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता

श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाकाल को तिल से बना उबटन लगाकर गर्म जल से स्नान कराया

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page