Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsदिल्लीदिल्ली -NCRराज्यराष्ट्रीय

फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की हत्या, पार्किंग विवाद में चलीं 16 गोलियां

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में मामूली पार्किंग विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड के पद पर कार्यरत परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ 15 से 16 राउंड फायर किए, जिनमें 8 से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत की अस्पताल में मौत हो गई।

भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से लौटे थे

जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ मूल रूप से हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। वह काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते थे। भांजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही फरीदाबाद स्थित अपने घर लौटे थे। परिवार में 24 नवंबर को शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद

घटना फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 की है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परमजीत को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहले से चल रहा था दोनों परिवारों में विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। घटना से करीब पांच दिन पहले भी आरोपी और परमजीत के बेटे के बीच कहासुनी हुई थी। कुत्ते को पार्किंग में शौच कराने और अन्य बातों को लेकर भी दोनों पक्षों में तनाव की जानकारी सामने आई है।

आरोपी परिवार सहित फरार, पुलिस की तलाश जारी

वारदात की सूचना मिलते ही थाना सूरजकुंड पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हत्या के आरोप में नाम सामने आए मोहन उर्फ मोनू शर्मा की तलाश की जा रही है। बताया गया है कि वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

Related posts

इंदौर मेट्रो के ट्रायल रन को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Jansamvad Express Digital

इंदौर में RSS की बैठक का दूसरा दिन, मोहन भागवत की मौजूदगी में संगठन के विस्तार पर मंथन

उज्जैन में मनाया गया 10 वा योग दिवस , बारिश के चलते नहीं पहुंचे लोग ,अधिकारी और जनप्रतिनिधि ही आए नजर

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page