- इंदौर में RSS की अखिल भारतीय बैठक का दूसरा दिन
- संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति पर मंथन
- मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले की मौजूदगी में देशभर के करीब 400 प्रतिनिधि कर रहे विचार-विमर्श,
- शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठनात्मक बदलावों पर भी चर्चा
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय वार्षिक बैठक मध्यप्रदेश के इंदौर में जारी है। 2 नवंबर से शुरू हुई इस बैठक का मंगलवार 3 नवंबर को दूसरा दिन है। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठन के विस्तार, सामाजिक सहभागिता और आगामी वर्षों की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
बैठक में संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले सहित देशभर से लगभग 400 वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हैं। बैठक का आयोजन डेली कॉलेज परिसर स्थित संत श्री रविदास जी महाराज सभागार में किया जा रहा है।
पंच परिवर्तन को लेकर बनेगी आगामी कार्ययोजना
बैठक में संघ के पांच प्रमुख सामाजिक विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन्हें ‘पंच परिवर्तन’ नाम दिया गया है। इनमें शामिल हैं:
-
सामाजिक समरसता।
-
पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली।
-
कुटुंब प्रबोधन यानी पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करना।
-
स्वदेशी और स्वबोध की भावना।
-
नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता।
इन विषयों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने और सामाजिक संगठनों के सहयोग से आगे बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
युवाओं और विदेशों में संघ के कामकाज पर भी चर्चा
बैठक में नई पीढ़ी, विशेषकर Gen-Z युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा हो रही है। बदलते सामाजिक परिवेश में युवाओं की सोच, उनकी अपेक्षाओं और संगठन से जुड़ाव के नए माध्यमों पर विचार किया जा रहा है।
इसके अलावा अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन सहित विदेशों में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत की यात्राओं के दौरान हुए संवाद और भारतीय समुदाय के बीच संघ से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के विषय पर भी समीक्षा की जा रही है |
संगठनात्मक बदलाव और नशे की समस्या भी एजेंडे में
संघ की संगठनात्मक संरचना में प्रस्तावित बदलाव भी बैठक के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल हैं। इसके साथ ही युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने की योजना पर भी विचार किया जाना है।
संघ की ओर से पहले जारी जानकारी के अनुसार, देशभर में प्रतिदिन एक लाख से अधिक शाखाएं संचालित हो रही हैं। शाखाओं की संख्या बढ़ाने के साथ उनके नियमित संचालन और प्रभावी गतिविधियों पर भी जोर दिया जा रहा है।
4 नवंबर को दत्तात्रेय होसबाले करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
इंदौर में चल रही यह बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी। अंतिम दिन संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक में हुई चर्चा, संगठनात्मक विषयों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे। इसके बाद बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावित बदलावों की तस्वीर अधिक स्पष्ट होगी।

