- बेगूसराय में महिला को छत से फेंकने का आरोप
- पड़ोसी गिरफ्तार
- पुराने दुष्कर्म मामले में समझौते का दबाव बनाने की आशंका
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला के साथ मारपीट कर उसे इमारत की छत से नीचे फेंकने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद घायल महिला को में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर उसके पड़ोसी भोंगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना जिले के चकिया थाना क्षेत्र की है। महिला के साथ मारपीट और छत से नीचे फेंके जाने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। सदर एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुराने सामूहिक दुष्कर्म मामले से जुड़ रहा घटनाक्रम
इस घटना ने एक पुराने मामले को भी फिर चर्चा में ला दिया है। दरअसल, इसी जिले में 11 जून को 30 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी करने के बाद धारदार वस्तु से शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया था।
घटना के कुछ दिनों बाद चिकित्सकीय जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला के शरीर से कारतूस जैसी एक वस्तु, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा निकाला था। पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों का आरोप- केस वापस लेने का बनाया जा रहा था दबाव
पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुराने सामूहिक दुष्कर्म मामले में महिला पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का दावा है कि मंगलवार को महिला के साथ हुई मारपीट इसी दबाव का हिस्सा हो सकती है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला पर हुए ताजा हमले का पुराने मामले से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस जांच में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

