Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsउज्जैनउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

उज्जैन में भैंसों के दंगल में 8 साल के युवराज की मौत, माता-पिता का इकलौता बेटा था

HEADLINE
  • पिता के साथ भैंसों का दंगल देखने गया था 8 साल का युवराज
  • घर लौटी मौत की खबर
  • माता-पिता का इकलौता चिराग बुझा
  • पुलिस की चेतावनी के बावजूद हामूखेड़ी में हुआ भैंसों का अवैध दंगल
  • अनियंत्रित भैंसे की चपेट में आने से मासूम की मौत
  • मनोरंजन का तमाशा एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बना

उज्जैन। जिस बेटे की हंसी से घर में खुशियां गूंजती थीं, जिसके भविष्य के लिए माता-पिता ने न जाने कितने सपने संजोए थे, उसी बेटे की मौत की खबर ने परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया। नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में भैंसों की लड़ाई देखने पहुंचे 8 वर्षीय युवराज की अनियंत्रित भैंसे की चपेट में आने से मौत हो गई। युवराज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। पिता के साथ मनोरंजन के लिए दंगल देखने गया मासूम कभी घर लौटकर नहीं आया।

पिता के साथ गया था दंगल देखने, भैंसों की लड़ाई बनी मौत का कारण

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है। हामूखेड़ी क्षेत्र में भैंसों के अलग-अलग जोड़ों के बीच लड़ाई कराई जा रही थी। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। क्षेत्र में रहने वाले आकाश कीर भी अपने 8 वर्षीय बेटे युवराज के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान लड़ाई कर रहे भैंसे अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस आए। लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान युवराज भैंसे की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इकलौता बेटा था युवराज, परिवार के सपने पलभर में बिखरे

युवराज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ देर पहले तक मासूम की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। पिता आकाश ड्राइविंग का काम करते हैं। उनके लिए युवराज ही पूरी दुनिया था। एक पल का मनोरंजन देखने की चाह परिवार को ऐसा दर्द दे गई, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके।

सोशल मीडिया पर डाले थे 12 जोड़ा पाड़ो की लड़ाई का पोस्टर

दो दिन पहले पुलिस ने दी थी चेतावनी, फिर भी कैसे हुआ आयोजन?

इस घटना में सबसे बड़ा सवाल पुलिस की पूर्व चेतावनी के बावजूद आयोजन होने को लेकर है। थाना प्रभारी राकेश भारती के मुताबिक पुलिस ने दो दिन पहले ही आयोजक को भैंसों की लड़ाई नहीं कराने के लिए मना किया था। आयोजक ने आयोजन नहीं करने का आश्वासन भी दिया था। इसके बावजूद बिना अनुमति भैंसों का दंगल कराया गया।

पिता ने आयोजक को बताया बेटे की मौत का जिम्मेदार

मृतक युवराज के पिता आकाश ने आयोजन में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हामूखेड़ी में भैंसों का दंगल हो रहा था, जिसे देखने वे बेटे के साथ गए थे। इसी दौरान हादसा हुआ और उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने आयोजक की लापरवाही को बेटे की मौत का जिम्मेदार बताया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

नागझिरी थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे 8 वर्षीय युवराज पिता आकाश कीर की भैंसे की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रकार के आयोजन अवैध हैं। आयोजक को पहले ही मना किया गया था। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बड़ा सवाल: जब पुलिस को दो दिन पहले ही ऐसे आयोजन की जानकारी थी और आयोजक को मना भी किया गया था, तो फिर भैंसों का दंगल कैसे हुआ? क्या एक मासूम की जान जाने के बाद ही इस जानलेवा कुप्रथा पर रोक लगेगी?

 

Related posts

न्यूज चैनलों की TRP पर रोक 4 हफ्ते और बढ़ी

पटना HC ने पकड़ौआ विवाह को अमान्य बताया, हिन्दू रीती रिवाज के अनुसार महिला की अनुमति के बगेर मांग भरना विवाह का हिस्सा नहीं

Jansamvad Express Digital

10 वी और 12 वी के परिणाम घोषित : उज्जैन की सुहानी का नाम प्रदेश में टॉप 10 प्रथम आने वाले बच्चो में शामिल

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page