HEADLINE
- महाकाल मंदिर में VIP संस्कृति का खेल!
- विधायक पुत्र रुद्राक्ष फिर विवादों में
- गार्डों पर गिरी गाज ,तीन गार्ड सस्पेंड
- रसूखदारों की जवाबदेही पर चुप्पी क्यों?
- कोर कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना
- पुजारी प्रदीप शर्मा के पुत्र यश शर्मा की भूमिका पर भी सवाल
- चांदी गेट से मंदिर की चौखट तक पहुंचाकर कराई पूजा
- 2021 से 2026 तक मंदिरों में विवादों की लंबी फेहरिस्त
उज्जैन। बाबा महाकाल के दरबार में क्या नियम केवल आम श्रद्धालुओं के लिए हैं? क्या राजनीतिक रसूख और प्रभावशाली परिवारों से जुड़े लोगों के लिए मंदिर के नियम बदल जाते हैं? विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़ा ताजा रील विवाद एक बार फिर इन सवालों को सामने ले आया है।
मामले में कोर कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और तीन सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया गया है। लेकिन कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस पूरे घटनाक्रम में जिम्मेदारी केवल उन सुरक्षाकर्मियों की थी, जिनकी नौकरी पर कार्रवाई की तलवार चल गई? या फिर उन लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए, जिन्होंने कथित तौर पर VIP दर्शन और पूजा की व्यवस्था करवाई?
इस मामले में पुजारी प्रदीप शर्मा के पुत्र यश शर्मा का नाम भी सामने आ रहा है। आरोप है कि वे स्वयं रुद्राक्ष को चांदी गेट से मंदिर की चौखट तक लेकर गए और पूजा-अर्चना करवाई। यदि यह तथ्य सही है तो यह जानना जरूरी है कि उन्हें ऐसा करने का अधिकार किसने दिया था? क्या मंदिर प्रशासन की अनुमति थी? क्या प्रवेश और पूजा की निर्धारित प्रक्रिया का पालन हुआ था? दरअसल ये आरोप इसलिए लग रहे है क्योकि रुद्राक्ष ने जो रील अपने सोशल मीडिया पेज पर डाली है उसमे यश शर्मा VIP की अगवाई करते दिख रहे है |
यहां सवाल किसी के धार्मिक अधिकार या आस्था का नहीं, बल्कि मंदिर की व्यवस्था और नियमों की समानता का है। यदि सुरक्षाकर्मी नियम तोड़ने के दोषी हैं तो विशेष सुविधा उपलब्ध कराने वालों की भूमिका की जांच क्यों नहीं होनी चाहिए?
रुद्राक्ष शुक्ला और विवादों का पुराना सिलसिला
यह पहला मौका नहीं है जब विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का नाम मंदिरों की व्यवस्था और नियमों को लेकर विवादों में आया है। पिछले कुछ वर्षों में उनके नाम से जुड़े कई घटनाक्रम मीडिया की सुर्खियां बने हैं।
18 अगस्त 2021: कोरोना प्रतिबंध के बीच गर्भगृह के गेट पर फोटोप्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, श्रावण के चौथे सोमवार को कोरोना प्रतिबंधों के दौरान रुद्राक्ष शुक्ला की गर्भगृह के गेट पर फोटो सामने आई थी। इस पर भी सवाल उठे थे।
12 मार्च 2023: भस्म आरती के दौरान गर्भगृह का वीडियोरंगपंचमी के दौरान भस्म आरती में गर्भगृह के अंदर रुद्राक्ष का वीडियो वायरल हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 26 सेकंड के इस वीडियो ने मंदिर के प्रवेश नियमों पर सवाल खड़े किए थे। उस समय जांच और कार्रवाई की बात कही गई थी।
अप्रैल 2025: देवास की चामुंडा टेकरी पर विवाददेवास की माता टेकरी पर देर रात समर्थकों के साथ पहुंचने, मंदिर के पट खुलवाने और पुजारी पक्ष के साथ विवाद के आरोप सामने आए। पुलिस ने रुद्राक्ष सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
21 जुलाई 2025: फिर महाकाल मंदिर के गर्भगृह को लेकर विवादसावन के दूसरे सोमवार को विधायक गोलू शुक्ला और उनके बेटे रुद्राक्ष के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। मंदिर कर्मचारियों द्वारा रोकने और कहासुनी की खबरें सामने आईं। प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी।
जुलाई 2025 की जांच का क्या हुआ?
21 जुलाई 2025 को हुए गर्भगृह प्रवेश विवाद के बाद प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। एक अख़बार की 3 अगस्त 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, समिति ने पुजारियों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों सहित 12 लोगों के बयान दर्ज किए थे और जांच पूरी होने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद कार्रवाई की बात कही गई थी।
अब सवाल यह है कि उस जांच का अंतिम नतीजा क्या निकला? किन लोगों को दोषी माना गया? क्या किसी अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति पर कार्रवाई हुई? यदि जांच में अनियमितता सामने आई थी तो उसका परिणाम सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?
देवास में भी उठा था रसूख का सवाल
देवास की चामुंडा टेकरी का विवाद भी इस पूरे पैकेज में महत्वपूर्ण है। अप्रैल 2025 में रुद्राक्ष शुक्ला और उनके साथियों के खिलाफ मंदिर परिसर में हुए घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रकरण दर्ज होने की खबर आई थी। इस मामले ने भी मंदिरों में प्रभाव और विशेष पहुंच को लेकर बहस छेड़ी थी।
गार्ड निलंबित, लेकिन बाकी जिम्मेदार कौन?
इस पूरे मामले में सबसे असहज करने वाला पहलू यह है कि कार्रवाई का सीधा असर सुरक्षाकर्मियों पर दिखाई दिया है। कंपनी पर जुर्माना और गार्डों का निलंबन अपनी जगह है, लेकिन क्या केवल गार्ड ही यह तय करते हैं कि कौन व्यक्ति किस गेट से मंदिर में प्रवेश करेगा? क्या पूजा कराने और विशेष मार्ग से ले जाने की प्रक्रिया में दूसरे लोगों की कोई भूमिका नहीं होती?
यदि यश शर्मा द्वारा रुद्राक्ष को चांदी गेट से चौखट तक ले जाने और पूजा करवाने की बात सही है तो उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि मंदिर के किस अधिकारी ने इसकी अनुमति दी थी।
मंदिर प्रशासन को CCTV फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर, प्रवेश अनुमति और संबंधित कर्मचारियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच करानी चाहिए। जांच का दायरा केवल सुरक्षा एजेंसी तक सीमित नहीं रहना चाहिए।
आम भक्तों के लिए नियम, रसूखदारों के लिए रास्ते?
महाकाल मंदिर में आम श्रद्धालु दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़े रहते हैं। कई बार उन्हें मोबाइल, प्रवेश और पूजा से जुड़े नियमों का हवाला देकर रोक दिया जाता है। ऐसे में जब बार-बार प्रभावशाली लोगों के लिए विशेष प्रवेश और नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आते हैं तो आम भक्तों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है।
बाबा महाकाल के दरबार में कोई विधायक नहीं, कोई अधिकारी नहीं, कोई पुजारी परिवार नहीं और कोई आम-खास नहीं होना चाहिए। यहां सभी श्रद्धालु समान हैं। मंदिर की गरिमा और नियमों की रक्षा करना हर जिम्मेदार व्यक्ति का दायित्व है।
अब मंदिर प्रशासन के सामने सबसे बड़ा सवाल है: कार्रवाई सिर्फ उन तीन गार्डों तक सीमित रहेगी या रुद्राक्ष शुक्ला को विशेष सुविधा देने वाले हर व्यक्ति की जवाबदेही भी तय होगी?




अप्रैल 2025: देवास की चामुंडा टेकरी पर विवाददेवास की माता टेकरी पर देर रात समर्थकों के साथ पहुंचने, मंदिर के पट खुलवाने और पुजारी पक्ष के साथ विवाद के आरोप सामने आए। पुलिस ने रुद्राक्ष सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।