नई दिल्ली। अदाणी समूह की कंपनी अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) को पश्चिम बंगाल में नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए बड़ा ठेका मिला है। कंपनी ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड (PTSL) को यह अनुबंध प्राप्त हुआ है।
इस परियोजना के तहत अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस पश्चिम बंगाल की बिजली वितरण कंपनी पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) को 25 वर्षों तक 2,500 मेगावाट तक नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति करेगी।
कंपनी के अनुसार, यह ठेका प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया और ई-रिवर्स नीलामी के बाद मिला है। इसमें शुरुआत में 1,750 मेगावाट बिजली आपूर्ति का अनुबंध दिया गया है, जबकि अतिरिक्त 750 मेगावाट के लिए ग्रीनशू विकल्प रखा गया है। पश्चिम बंगाल बिजली वितरण कंपनी इस विकल्प का इस्तेमाल बाद में कर सकती है। इसके बाद कुल आपूर्ति क्षमता 2,500 मेगावाट हो जाएगी।
कब शुरू होगी बिजली की आपूर्ति?
कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शुरुआती 1,750 मेगावाट बिजली की आपूर्ति 1 जुलाई 2028 से शुरू करने का कार्यक्रम है। वहीं, अतिरिक्त 750 मेगावाट की आपूर्ति ग्रीनशू विकल्प का इस्तेमाल होने पर 1 अप्रैल 2029 से शुरू होगी।
इस अनुबंध के जरिए पश्चिम बंगाल को लंबे समय तक चौबीसों घंटे नवीकरणीय ऊर्जा उपलब्ध कराने की योजना है। यह परियोजना राज्य की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

