- सायरन बजते ही बंद हुईं लाइटें
- पुलिस-होमगार्ड और SDRF ने संभाला मोर्चा
- घायलों के रेस्क्यू से लेकर अस्पताल पहुंचाने तक का किया अभ्यास
उज्जैन। रात का सन्नाटा, अचानक बजता चेतावनी सायरन और देखते ही देखते छाया अंधेरा… उज्जैन में मंगलवार 25 नवंबर की रात कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। हालांकि, यह कोई वास्तविक आपातकालीन स्थिति नहीं थी, बल्कि हवाई हमले जैसी गंभीर परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल थी।
भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला होमगार्ड लाइन, उज्जैन में इस विशेष अभ्यास का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, होमगार्ड, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDERF), फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम ने हिस्सा लिया।
सायरन बजते ही लागू हुआ ब्लैकआउट
मॉक ड्रिल की शुरुआत चेतावनी सायरन बजाकर की गई। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया गया और सभी लाइटें बंद कर दी गईं। इसके बाद आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को निकालने और प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
पुलिस से लेकर SDRF तक ने संभाली जिम्मेदारी
अभ्यास के दौरान पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और घटनास्थल को सुरक्षित रखने का जिम्मा संभाला। वहीं होमगार्ड, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स और आपदा मित्रों ने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा बचाव कार्यों में सहयोग करने का अभ्यास किया।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आगजनी की स्थिति में आग पर काबू पाने और रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। SDRF की टीम ने घायलों को सुरक्षित निकालकर मेडिकल टीम तक पहुंचाने का अभ्यास किया। मेडिकल टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना था। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना था कि संकट की घड़ी में बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें और जनहानि को न्यूनतम रखा जा सके।




