- सिंहस्थ-2028 की सुरक्षा को लेकर उज्जैन पुलिस अलर्ट
- महाकाल मंदिर में BDDS टीम ने किया मॉकड्रिल
- CCTV, AI सर्विलेंस से लेकर बम निरोधक कार्रवाई तक का दिया प्रशिक्षण
- महाकाल अन्नक्षेत्र में संदिग्ध वस्तु मिलने पर सुरक्षा कार्रवाई का किया प्रदर्शन
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उज्जैन पुलिस द्वारा आयोजित सात दिवसीय भूमिका आधारित प्रशिक्षण के चौथे दिन पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को महाकाल मंदिर की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बम निरोधक कार्रवाई, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए महाकाल मंदिर परिसर में स्थलीय भ्रमण के साथ विशेष मॉकड्रिल भी आयोजित की गई। इसमें BDDS (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम ने संदिग्ध वस्तु और बम संबंधी संभावित खतरे से निपटने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
CCTV, कंट्रोल रूम और AI तकनीक से सुरक्षा पर जोर
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी गई। इसमें CCTV सर्विलेंस, कंट्रोल रूम संचालन, साइबर क्राइम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग के बारे में बताया गया। एच.एन. अहिरवार एवं उनकी टीम तथा निरीक्षक प्रतीक यादव ने पुलिसकर्मियों को तकनीकी सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
महाकाल क्षेत्र के यातायात और पार्किंग का प्रशिक्षण
द्वितीय सत्र में डीएसपी दिलीप सिंह परिहार ने महाकाल मंदिर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, बसों के आवागमन के निर्धारित मार्ग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर प्रशिक्षण दिया। सिंहस्थ के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए यातायात को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
BDDS टीम ने संदिग्ध वस्तुओं से निपटने की प्रक्रिया बताई
तृतीय सत्र में BDDS टीम ने बम संबंधी संभावित खतरों, संदिग्ध वस्तुओं की पहचान और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना मिलने पर किस प्रकार सतर्कता बरतते हुए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करना चाहिए।
भगदड़, आगजनी और मेडिकल इमरजेंसी से निपटने का अभ्यास
चतुर्थ सत्र में आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया गया। इसमें करंट फैलने, फिसलन, आगजनी और भगदड़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके समझाए गए। SDRF की टीम और डॉ. नरेंद्र गोमे ने अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा और CPR का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
महाकाल अन्नक्षेत्र में हुई विशेष मॉकड्रिल
प्रशिक्षण के पांचवें सत्र में शाम 4 से 6 बजे तक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को महाकाल मंदिर परिसर का स्थलीय भ्रमण कराया गया। इस दौरान PA सिस्टम, CCTV कैमरों और वायरलेस संचार व्यवस्था का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
इसके बाद महाकाल अन्नक्षेत्र में BDDS टीम ने विशेष मॉकड्रिल आयोजित की। इसमें संदिग्ध वस्तु मिलने और बम संबंधी खतरे की स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का महत्व समझाया गया।
सिंहस्थ से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी
सिंहस्थ-2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन का लक्ष्य तकनीकी रूप से दक्ष, सजग और प्रशिक्षित पुलिस बल तैयार करना है। सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अलग-अलग आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने और त्वरित निर्णय लेने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटना है।

