उज्जैन | विधानसभा चुनाव व आदर्श आचार संहिता के संदर्भ में जिले की प्रत्येक तहसील और उससे मिलने वाली सीमा पर नाका बंदी होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की सघन चेकिंग अभियान के दौरान नगद राशि, सोना-चांदी, अवैध शराब बरामद हुई है। सभी सामग्री करीब एक करोड़ से अधिक मूल्य की बताई गई है।
विधान सभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद उसपी सचिन शर्मा द्वारा शहर में जिले के सीमावर्ती थानों के अंतरराज्यीय सीमा बॉर्डर चेक पोस्ट पर सख्ती से वाहन चैकिंग, संदिग्धों की चैकिंग करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिले के समस्त थाना क्षेत्र के अंतर्गत चैकिंग पॉइंट पर 24X7 वाहन व संदिग्ध व्यक्ति की सघनता से चैकिंग कर विगत दिनों में अवैध शराब कीमत करीब 10 लाख 30 हजार 160 रुपए को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। उज्जैन पुलिस ने चैकिंग के दौरान अवैध मश्रुका लगभग एक करोड़ 66 लाख 53 हजार 681 रुपए का किया जप्त। सघन चैकिंग के दौरान अवैध रूप से मादक पदार्थ, शराब कीमत करीब दस लाख रुपये से अधिक जब्त किया। मादक पदार्थ कीमत करीब आठ हजार रुपए को बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। बिना दस्तावेजों के सोना चांदी का परिवहन करने पर एक करोड़ से अधिक के आभूषण जब्त कर कार्यवाही की गई। आचार संहिता के दौरान बिना दस्तावेजों के 50 हजार रुपए से अधिक राशि रख कर परिवहन करने वाले चालकों से करीब पांच लाख 50 हजार रूपए बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। साथ ही अवैध रूप से हथियारो की तस्करी करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने, शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब, मादक पदार्थ का सेवन करने वाले आरोपियों व चालकों के विरुद्ध भी निरंतर कार्यवाही जा रही है।
