- आलीराजपुर में गांजे की अवैध खेती पर पुलिस का बड़ा एक्शन
- दो खेतों से 20 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त
- आंबुआ के छोटा इटारा में चार थानों की संयुक्त कार्रवाई
- 2040 पौधे जब्त; एक करोड़ रुपये आंकी गई कीमत
- दो आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में केस दर्ज
रिपोर्टर: दीपक सिंह | लोकेशन: आलीराजपुर (आंबुआ)
आलीराजपुर। मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में गांजे की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आंबुआ थाना क्षेत्र के छोटा इटारा में दो अलग-अलग खेतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजे के कुल 2040 पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों का कुल वजन 2079 किलोग्राम है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री नशा मुक्ति अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान छोटा इटारा में गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
पहले खेत से 1530 किलो गांजे के पौधे जब्त
पुलिस के अनुसार, पहले खेत में तलाशी के दौरान गांजे के 1110 पौधे मिले। इनका कुल वजन 1530 किलोग्राम बताया गया है। इस मामले में छोटा इटारा निवासी मुकाम चौहान (44), पिता रत्निया चौहान, को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 299/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया है।
दूसरे खेत में मिले 930 पौधे
दूसरे खेत में पुलिस को गांजे के 930 पौधे मिले, जिनका वजन 549 किलोग्राम बताया गया है। इस मामले में छोटा इटारा निवासी जगन (50), पिता गुलसिंह, को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
चार थानों की पुलिस ने मिलकर की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने प्रेसवार्ता में कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल तथा जोबट के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आशुतोष पटेल के पर्यवेक्षण में की गई।
संयुक्त टीम में आंबुआ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन डावर, जोबट थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, उदयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, आजादनगर थाने के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और साइबर पुलिस टीम शामिल रही।
नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर
आलीराजपुर पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। छोटा इटारा में हुई इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

