- 5 लाख सरकारी पद खाली, 25 लाख बेरोजगार रजिस्टर्ड: जीतू पटवारी बोले – 1 लाख नौकरी का वादा युवाओं के साथ मजाक
- इंदौर-उज्जैन बस में आग से लेकर Youth Conclave में युवाओं के बाल खींचने तक – पटवारी ने गिनाए सरकार के 7 फेलियर
भोपाल || मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार को ‘खटारा सरकार’ करार देते हुए कहा कि इंदौर से उज्जैन जा रही ‘मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा’ में आग लगने ने सरकार की योजनाओं की पोल खोल दी है। अब प्रदेश में ‘खटारा बस परियोजना’ से ‘खटारा युवा नीति’ तक की पहचान बन गई है। मंगलवार को भोपाल में प्रेस वार्ता में पटवारी ने 7 बड़ी मांगें रखीं।
पटवारी के 5 बड़े आरोप:
*1. भर्ती के नाम पर झुनझुना:* MPPSC में 1500-1600 पद खाली हैं, सरकार 100-150 पदों की भर्ती निकालकर पीठ थपथपा रही है। साल में 2 बार PSC कराने का क्या मतलब जब पद ही नहीं हैं।
*2. 5 लाख पद खाली:* प्रदेश में स्वीकृत पद 13-14 लाख होने चाहिए, भरे सिर्फ 7.4 लाख हैं। 20 साल में सिर्फ 59 हजार भर्तियां हुईं। स्कूलों में 3 लाख शिक्षकों के पद खाली, 17 सरकारी यूनिवर्सिटी में 86-87% प्रोफेसर के पद खाली।
*3. बेरोजगारी का आंकड़ा:* सरकारी पोर्टल पर 25 लाख बेरोजगार रजिस्टर्ड, असली आंकड़ा 70 लाख। फिर भी सरकार सिर्फ 1 लाख नौकरी की बात कर रही है, पहले 2.5 लाख और 5 लाख का वादा कहां गया?
*4. Youth Conclave पर सवाल:* यूथ कॉन्क्लेव में जुबिन नौटियाल को 17 लाख देकर बुलाया, लेकिन युवाओं के लिए व्यवस्था नहीं। पुलिस ने बेटियों और युवाओं के बाल खींचकर बाहर निकाला। जिम्मेदार अफसर को सस्पेंड करो – पटवारी ने कहा, मुख्यमंत्री खुद गृह मंत्री हैं, जवाब दें।
*5. कर्ज 6.35 लाख करोड़:* प्रदेश पर कर्ज 5.68 लाख करोड़ से बढ़कर 6.35 लाख करोड़ हो गया। इस महीने फिर 6 हजार करोड़ का कर्ज। 7-8% ब्याज पर कर्ज लेकर कमीशनखोरी हो रही है।
पटवारी ने व्यापमं का जिक्र करते हुए कहा कि घोटाले में सजा पा चुके लोग आज भी सरकार के सलाहकार बने बैठे हैं। स्वामित्व योजना का विरोध करने वाले पटवारियों को देवास, भोपाल, इंदौर में सस्पेंड कर डराया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के प्रदर्शन को फ्रंट पेज पर छापने वाले अखबारों के सरकारी विज्ञापन रोके जा रहे हैं।
कांग्रेस की सरकार से 7 मांगें:
1. सभी विभागों के स्वीकृत पद सार्वजनिक करो और 5 लाख खाली पद तुरंत भरो
2. सभी भर्ती परीक्षाओं का सालाना कैलेंडर जारी करो
3. पेपर लीक की स्वतंत्र जांच और सख्त सजा
4. वर्ग-1, वर्ग-2 की रुकी हुई नियुक्तियां तुरंत दो
5. 27% OBC आरक्षण के होल्ड पदों पर 1 लाख युवाओं को नियुक्ति दो
6. यूनिवर्सिटी में विचारधारा नहीं, योग्यता से भर्ती करो
7. रोजगार मेलों के ऑफर लेटर नहीं, असली स्थायी नियुक्ति दो
पटवारी ने कहा- “युवा को भाषण नहीं, टाइम पर परीक्षा, टाइम पर रिजल्ट और असली नौकरी चाहिए।”
मध्य प्रदेश में हाल ही में शुरू हुई ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ (Sugam Bus Seva) से जुड़े अब तक दो मुख्य हादसों की जानकारी सामने आई है:
1. उज्जैन-इंदौर रोड पर चलती बस में भीषण आग (6 अक्टूबर 2026)
- घटना: उज्जैन से इंदौर जा रही एक लग्जरी सुगम परिवहन बस में रामवासा (सांवेर रोड) के पास अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जल गई और खाक हो गई.
- कारण: शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, बस का पिछला टायर फटने के बाद निकली चिंगारी या शॉर्ट-सर्किट के कारण यह आग लगी.
- नुकसान: गनीमत यह रही कि धुआं उठते ही चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी यात्रियों (लगभग 12 से 25 यात्री) को समय रहते सुरक्षित उतार लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई.
2. इंदौर के राजबाड़ा में ई-बस दुर्घटना (27 सितंबर 2026)
- घटना: इस सेवा की शुरुआत के ठीक दो दिन बाद, इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में सुगम परिवहन/पीएम ई-बस सेवा से जुड़ी एक अनियंत्रित बस ने राहगीरों को कुचल दिया था.
- नुकसान: इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

