HEADLINE
- बलिया में रामगोविंद चौधरी की तेरहवीं में शामिल हुए अखिलेश यादव
- अयोध्या मंदिर में चंदा चोरी का लगाया आरोप
बलिया/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को बलिया के गोसाईंपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व नेता विरोधी दल स्व. रामगोविंद चौधरी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी जमीन से जुड़े नेता थे, उनकी बातों में जनता का दुख-दर्द होता था। उन्होंने किसानों, गरीबों और मजदूरों के लिए पूरा जीवन लगा दिया। वे बलिया के बल थे।
मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा और चंदे की चोरी हुई है, जिसमें भाजपा के लोग शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 15 दिन में जांच की बात कही थी, क्या दूध का दूध पानी का पानी हुआ? उन्होंने चुनौती दी कि अगर मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं तो अयोध्या से चुनाव लड़ें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्यावासियों के साथ भेदभाव किया, उनके मकान-दुकान और जमीनें छीन लीं। सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। प्रदेश में 26 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद हो गए हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 में परिवर्तन तय है। इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत है और 2027 में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगा।

