HEADLINE
- बड़ौद: पुलिया नहीं, पानी में से होकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे
- हाथ में जूते लेकर पार करते हैं खाल
*बड़ौद (आगर-मालवा)।* नगर के शिव डेयरी समीप स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाल पर पुलिया नहीं होने से विद्यार्थियों को पानी के बीच से निकलकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। बच्चे अपने जूते हाथों में उठाकर खाल पार करते हैं।
यह रास्ता नगर का सबसे सरल और सुगम मार्ग माना जाता है, जो कम समय में लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाता है। यह मार्ग कई विद्यालयों के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय सहित अन्य शासकीय-अशासकीय कार्यालयों को जोड़ता है। बावजूद इसके यहां सुरक्षित आवागमन के लिए पुलिया नहीं है।
खाल में पानी भरा होने से बच्चों के फिसलने और हादसे का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में यह समस्या और बढ़ जाती है।
नगरवासियों ने प्रशासन से जल्द पुलिया निर्माण की मांग की है, ताकि बच्चों और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

