सिंगरौली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलता एक मामला सामने आया है। नवजीवन विहार कॉलोनी स्थित डॉ. एसके श्रीवास्तव के निजी क्लीनिक में उपचार के दौरान चार वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार परिजन अपनी 4 साल की बच्ची को बेहतर उपचार के लिए निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर द्वारा बरती गई लापरवाही के कारण बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
बच्ची की मौत के बाद क्लीनिक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह मामला आरोपों के स्तर पर है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें चिकित्सकीय लापरवाही है या नहीं, इसका खुलासा पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।


