Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsउज्जैनउज्जैन संभागमध्यप्रदेशराजनीतिराज्यशिक्षा

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने तराना में आईटीआई भवन और अन्य निर्माण कार्यों का भूमि पूजन

उज्जैन। शुक्रवार को मध्य प्रदेश शासन के वित्त, योजना, सांख्यिकी, उत्पाद शुल्क तथा उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा के मुख्य आतिथ्य में तराना में 1000.43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले छह ट्रेड आईटीआई भवन, 60 सीटर बालक छात्रावास, एक ‘एफ’ टाईप, दो ‘एच’ टाईप और तीन ‘आई’ टाईप शासकीय अधिकारी व कर्मचारियों के आवासीय भवन के निर्माण का भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने की और बतौर विशिष्ट अतिथि श्री बहादुरसिंह बोरमुंडला कार्यक्रम में शामिल हुए। आईटीआई प्राचार्य तराना के द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त भवनों का निर्माण लोक निर्माण विभाग और पीआईयू के द्वारा किया जायेगा।

मंत्री श्री देवड़ा ने इस अवसर पर कहा कि आज हम सबके लिये बड़े हर्ष का विषय है कि तराना में शीघ्र ही आईटीआई भवन का निर्माण होगा। उन्होंने निर्माण एजेन्सी के अधिकारियों को निर्देश दिये कि उक्त निर्माण कार्य उत्तम गुणवत्ता के हों और निर्धारित समय-सीमा पर पूर्ण हों। मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति का काम सरकार का होता है। सरकार द्वारा जन्म से लेकर मृत्यु तक हितग्राहियों के लिये योजनाएं बनाई गई हैं। निरन्तर विकास के कार्य हो रहे हैं। हर गरीब के सिर पर छत, घर में गैस कनेक्शन और शुद्ध पेयजल पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। सरकार इस ओर निरन्तर कार्य कर रही है।

सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज तराना विकास खण्ड को एक बहुत बड़ी सौगात दी गई है, जो निश्चित रूप से तराना के विकास में मिल का पत्थर साबित होगा। तराना के कॉलेज में विज्ञान की फैकल्टी की व्यवस्था शीघ्र-अतिशीघ्र की जायेगी। शीघ्र ही जल जीवन मिशन के तहत शत-प्रतिशत लोगों के घरों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम किया जायेगा। उज्जैन में दोगुनी गति से विकास का कार्य हो रहा है। भविष्य में भी निरन्तर विकास के कार्य किये जायेंगे।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, एसडीएम तराना श्रीमती एकता जायसवाल, अन्य अधिकारीगण और स्थानीय जनता मौजूद थे।

Related posts

सेवादल कार्यकर्ता मतदान केन्द्रों पर होंगे तैनात

जम्मू-कश्मीर में सेना के एनकाउंटर में लश्करे-तैयबा से जुड़े दो आतंकी ढेर

प्रधानमंत्री मोदी 11 अक्तूबर को धन-धान्य योजना और दलहन आत्मनिर्भरता मिशन का करेंगे शुभारम्भ

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page