Jan Samvad Express Digital
Breaking News
Breaking Newsचंडीगढ़पंजाबराज्यराष्ट्रीय

पंजाब में अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, AK-47 राइफल और 2 हथगोले बरामद

चंडीगढ़:  पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियार और विस्फोटक की आपूर्ति करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तरन तारन के एक व्यक्ति के पास से एक एके-47 असॉल्ट राइफल और दो हथगोले बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को यह जानकारी दी।

यादव ने बताया कि आरोपी की पहचान तरन तारन जिले के चीमा निवासी ट्रक चालक नवजोत सिंह (28) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एके-47 की मैगजीन और नौ कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा, खेप पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जा रही उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में था और अवैध हथियार हासिल करने में शामिल है।

पुलिस महानिरीक्षक (बॉर्डर रेंज) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर ग्रामीण पुलिस की विशेष टीमों ने अभियान चलाया और मोटरसाइकिल से जा रहे आरोपी को रोका।

उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से एक एके-47 असॉल्ट राइफल, उसकी मैगजीन, नौ कारतूस और दो हथगोले बरामद किए गए।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक (जांच) रमनदीप सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गुरिंदरपाल सिंह नागरा और पुलिस उपाधीक्षक यादविंदर सिंह की निगरानी में चलाया गया।

पुलिस ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण के घरिंडा थाने में शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और उससे जुड़े लोगों की कड़ियों की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Related posts

जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके ने की डी आर एम एवं डी पी से मुलाकात

भारत में बिना वैध पासपोर्ट घुसने पर 5 साल जेल:लोकसभा में इमिग्रेशन बिल पेश

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए खुश खबरी : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जारी की 14 वी किश्त

Jansamvad Express Digital

Leave a Comment