उज्जैन | मध्यप्रदेश के उज्जैन में बीते दिनों सतना जिले की रहने वाली 15 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के किये जाने के मामले में आरोपी बनाए गए ऑटो ड्राइवर भरत सोनी का मकान बुधवार को ढहा दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इधर, आरोपी भरत की मां राखी सोनी ने कहा है कि बेटे ने गलत किया है। बच्ची के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था। हम उसे अपनाने के लिए तैयार हैं।
पिछले माह 25 सितंबर को एक वीडियो सामने आया था। इसमें 15 साल की लड़की उज्जैन की तिरुपति ड्रीम्स कॉलोनी में अर्द्धनग्न हालत में नजर आई थी। उसने स्थानीय लोगों से मदद भी मांगी थी, लेकिन किसी ने उसकी सहायता नहीं की। करीब 8 किलोमीटर पैदल चलने के बाद दांडी आश्रम में उसे मदद मिली। मामला पुलिस तक पहुंचा। फिलहाल, आरोपी 6 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर है।
शहर के बीचो बीच पास इलाके में दो हजार वर्गफीट जमीन पर किया था अवैध कब्जा
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के परिवार ने अवंतिका होटल के पास सड़क किनारे खाली पड़ी करीब दो हजार वर्गफीट जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। यहां मकान बनाकर भरत, उसके दो भाई-भाभी और माता-पिता पिछले 20 साल से रह रहे थे।
निगम आयुक्त रोशन सिंह ने कहा- हमारी टीम ने आरोपी के परिवार वालों को सामान निकालने की मोहलत दी। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण तोड़ दिया गया। इससे पहले बुधवार सुबह आरोपी ऑटो ड्राइवर भरत सोनी की मां राखी सोनी कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। यहां कलेक्टर तो नहीं मिले, लेकिन उन्होंने आवक-जावक दफ्तर में कलेक्टर के नाम आवेदन दिया। इसमें मकान नहीं तोड़े जाने की अपील की गई थी।
