उज्जैन। मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश भर में सेवा संकल्प के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को मनाने जा रही है इसी क्रम में धर्मनगरी उज्जैन आज एक नया विश्व कीर्तिमान रचने जा रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शाम 7 बजे शिप्रा नदी के तट पर 30 लाख से अधिक दीप एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम रामघाट पर होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
नगर निगम उज्जैन ने इस महाआयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दीपोत्सव को 8 प्रमुख सेक्टर और 250 सब-सेक्टर में बांटा गया है। हर ब्लॉक में 225 दीप सजाए गए हैं, जिसे 2 वॉलंटियर्स महज 3 मिनट में जलाएंगे। यानी एक वॉलंटियर को 112 दीप जलाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए 30 हजार से अधिक वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं।
यह आयोजन रामघाट के अलावा केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता घाट, महाकाल लोक और कार्तिक मेला ग्राउंड पर भी होगा। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि यह जीरो वेस्ट इवेंट होगा और जनभागीदारी से इसे सफल बनाया जाएगा। जिले के 4.55 लाख हितग्राही अपने घरों पर भी दीप जलाएंगे।
कार्यक्रम में शैलेष लोढ़ा का कथावाचन, महाकाल पर विशेष प्रस्तुति और भजन गायक भाविन शास्त्री की भजन संध्या आकर्षण का केंद्र होगी।



