ओवैसी पर बोले – वक्फ बिल को बीच में लाकर लोगों को भड़काना बंद करें, बाहर से भ्रम फैलाने वालों पर कानून कार्रवाई करेगा
उज्जैन। मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने उज्जैन की शाही मस्जिद विवाद को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि उज्जैन की शाही मस्जिद को न तो शहीद किया जा रहा है और न ही विस्थापित किया जा रहा है।
सनवर पटेल ने कहा, “मस्जिद का जो हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है, सिर्फ उसी हिस्से को समाज और मस्जिद कमेटी द्वारा खुद हटाया जा रहा है। प्रशासन मस्जिद को नहीं हटा रहा है।”
उन्होंने बताया कि कल रात प्रशासन के साथ बैठक में शहर काजी और मुस्लिम समाज के तमाम वरिष्ठ लोगों ने मिलकर यह तय किया था कि समाज के लोग ही मस्जिद के उस हिस्से को हटाएंगे। इसी सहमति के तहत समाज के लोग मस्जिद के उस हिस्से को हटा रहे हैं, जिसमें कुछ दुकानें और मीनार शामिल हैं।
ओवैसी के बयान पर पलटवार –
असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर जवाब देते हुए सनवर पटेल ने कहा कि ओवैसी ने इस घटना को नए वक्फ बिल से जोड़कर बयान दिया है कि मध्य प्रदेश में मस्जिदें हट रही हैं।
“मैं ओवैसी साहब से कहना चाहता हूं कि शाही मस्जिद नहीं हट रही है। आप लोगों को भड़काने का काम मत कीजिए। इसमें वक्फ कानून कहां से आ गया? कानून में कहीं भी यह नहीं लिखा कि आप अपने हक के लिए आवाज न उठाएं या न्यायालय न जाएं। इस मामले में भी मस्जिद कमेटी और पंच मोचियान समाज न्यायालय गया था, लेकिन अंत में शहर और समाज के हित में प्रशासन के साथ बैठकर हटाने पर सहमति बनी है। आप वक्फ बिल को बीच में मत लाइए और लोगों को भड़काना बंद कीजिए।”
बाहर से भड़काने वालों को चेतावनी –
सनवर पटेल ने कहा कि कुछ लोग इस मामले में लोगों को भ्रमित और भड़काने का काम कर रहे हैं। मेरी गुजारिश है कि समाज के लोगों को न भड़काएं। प्रशासन और समाज के वरिष्ठजनों ने साथ बैठकर जो तय किया है, उतना ही हो रहा है और उतना ही होगा।
जो लोग बाहर से झूठ फैलाने और भड़काने का काम कर रहे हैं, वे ऐसा न करें, वरना कानून अपना काम करेगा और आगे उनके लिए परेशानियां खड़ी होंगी।


