Jan Samvad Express Digital
Breaking News
अंतरराष्ट्रीयउज्जैनउज्जैन संभागधर्ममध्यप्रदेशराज्यराष्ट्रीय

महाशिवरात्रि पर अधिकतम एक घंटे में दर्शन होंगे, जिला प्रशासन, पुलिस एवं मन्दिर प्रबंध समिति ने की व्यापक व्यवस्थाएं

महाशिवरात्रि पर अधिकतम एक घंटे में दर्शन होंगे, जिला प्रशासन, पुलिस एवं मन्दिर प्रबंध समिति ने की व्यापक व्यवस्थाएं

उज्जैन  महाशिवरात्रि पर्व पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं मन्दिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन करवाने हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने बताया कि अनुमानत: श्रद्धालुओं को एक घंटे में दर्शन हो जायें, इस तरह की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। दर्शन में लगने वाले वेटिंग टाईम में विभिन्न स्थानों पर भजन मण्डली द्वारा भजन प्रस्तुत किये जायेंगे। आगन्तुक श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मन्दिर में प्रवेश हेतु निर्धारित द्वार से प्रत्येक 200 मीटर दूरी पर पानी की बॉटल नि:शुल्क वितरित की जायेगी। साथ ही पार्किंग स्थल पर पीने के पानी के टेंकर खड़े किये जायेंगे। गर्मी के मद्देनजर प्रवेश द्वार से लेकर निर्गम द्वार तक, निर्गम द्वार से जूता स्टेण्ड तक मेटिंग बिछाकर शामियाना लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर दर्शन व्यवस्था के लिये निर्धारित की गई व्यवस्था अनुसार आगन्तुक श्रद्धालु गंगोत्री गार्डन की साइड से प्रवेश करेंगे। यहां से चारधाम मन्दिर पानी की टाकी वाले मार्ग से रूद्र सागर के किनारे किनारे त्रिवेणी संग्रहालय की ओर जायेंगे। त्रिवेणी संग्रहालय पानी की टंकी, नन्दी मण्डपम से महाकाल लोक होते हुए मानसरोवर भवन में प्रवेश कर फेसिलिटी सेन्टर-1 से होकर कार्तिक मण्डपम में प्रवेश करेंगे। दर्शनार्थी कार्तिक मण्डपम अथवा गणेश मण्डपम में बाबा महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन उपरांत निर्गम द्वार होते हुए गेट नं.-4 अथवा 5 से बाहर की ओर प्रस्थान करेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं का मूल उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित दर्शन कराना है। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक दर्शनार्थी इन्दौर रोड से उज्जैन की ओर आते हैं, बाकी देवास, बड़नगर, नागदा, आगर आदि मार्ग से उज्जैन पहुंचेंगे। दर्शनार्थियों के आगमन के रास्‍ते के अनुसार ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इन्दौर, देवास, मक्सी की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को कर्कराज पार्किंग तक आना होगा। यहां गाड़ी पार्क करके वे कलोता समाज की धर्मशाला से आगे आकर गंगोत्री गार्डन के बगल से निकलकर चारधाम पार्किंग में पहुंचेंगे। यहां से रूद्र सागर के किनारे-किनारे होकर त्रिवेणी संग्रहालय पहुंचेंगे। फिर महाकाल लोक होकर मानसरोवर फेसिलिटी सेन्टर तक जायेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन्दौर रोड से आने वाले यात्रियों के लिये मन्नत गार्डन की पार्किंग एवं देवास व मक्सी से आने वाले यात्रियों के लिये इंजीनियरिंग कॉलेज के साथ-साथ मन्नत गार्डन की पार्किंग का भी उपयोग किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बड़नगर नागदा की ओर से आने वाले यात्रियों के लिये मुल्लापुरा चौराहे पर आदिनाथ मन्दिर एवं आश्रम के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि भील समाज की धर्मशाला के पास जूता स्टेण्ड बनाया गया है। श्रद्धालुगण दर्शन उपरांत बड़ा गणपति से होकर हरसिद्धि मन्दिर वाले मार्ग से फिर से नृसिंह घाट होकर जूता स्टेण्ड तक पहुंचेंगे।

Related posts

4 अप्रेल से उज्जैन में होगी पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण कथा

ब्रिटिश प्रधानमंत्री स्टार्मर की दो दिवसीय भारत यात्रा

महाकाल का रिसेप्शन -बाबा की बारात निकली , शुभ लग्न में हुआ विवाह बारातियों ने किया भोजन , बारात में झूमी भूतों की मण्डली

Leave a Comment

This message appears for Admin Users only:
Please fill the Instagram Access Token. You can get Instagram Access Token by go to this page