ग्वालियर। सोशल मीडिया पर वायरल होने और ज्यादा से ज्यादा व्यूज बटोरने के लिए ग्वालियर के एक युवक ने अपनी कार को अनोखे अंदाज में सजा दिया। सफेद कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से करीब 3400 किस के निशान बनाए गए। युवक ने इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जो तेजी से वायरल हो गया और करीब 55 लाख व्यूज तक पहुंच गया। वायरल वीडियो पर ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस की नजर पड़ी तो पुलिस ने कार की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक कार चालक आदित्य सिंह सिकरवार ने पूछताछ में बताया कि कार पर किस के निशान उसकी कॉलेज में पढ़ने वाली फ्रेंड ने बनाए थे। सोशल मीडिया पर अधिक व्यूज हासिल करने के लिए कार को इस तरह सजाया गया था।
सड़क पर निकली ‘किसिंग कार’
लिपस्टिक के निशानों से सजी कार को आदित्य शहर में लेकर घूमता रहा। कार की पूरी बॉडी पर बने सैकड़ों किस के निशान देखकर राहगीर भी हैरान रह गए। इसके बाद युवक ने कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। रील तेजी से वायरल हुई और देखते ही देखते करीब 55 लाख व्यूज हो गए।
पुलिस के अनुसार कार क्रमांक MP07 CC 9452 की पहचान वायरल वीडियो के आधार पर की गई। इसके बाद कार को ग्वालियर के थाटीपुर इलाके से बरामद कर लिया गया।
पानी से साफ किए लिपस्टिक के निशान
कार आदित्य के पिता नवजीवन सिंह सिकरवार के नाम पर रजिस्टर्ड बताई गई है। यातायात पुलिस ने आदित्य को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस के मुताबिक युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशानों को पानी से साफ किया।
ट्रैफिक पुलिस ने लगाया 5500 रुपए का जुर्माना
ग्वालियर यातायात पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5500 रुपए का जुर्माना लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की अपील की है।


