- नीमच में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन
- डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
- होमगार्ड सैनिक से आरटीओ बेरियर पर तैनाती के एवज में मांगी थी रिश्वत
- सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से प्रतिमाह वसूली का आरोप
नीमच। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार, 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने नीमच में बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई होमगार्ड कार्यालय, कोट मोहल्ला नीमच में की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, होमगार्ड सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर 2026 को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नीमच के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान आरटीओ बेरियर नयागांव पर तैनाती के एवज में प्रतिमाह 3 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। यह राशि होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से मांगे जाने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त एसपी ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को आवेदक महेश थोरेचा से 3 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त की टीम द्वारा मौके पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही थी। मामले में सैनिक बलवंत सिंह की भूमिका को लेकर भी शिकायत में आरोप लगाए गए हैं।
DSP राजेश पाठक के नेतृत्व में पहुंची टीम
कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और उज्जैन लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।
रिश्वत मांगे तो लोकायुक्त को करें शिकायत
लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के दूरभाष नंबर 0734-2512756 पर की जा सकती है।

