बड़ौद/आगर-मालवा। भारतीय किसान संघ ने जिलाधीश के किसानों के प्रति कथित नकारात्मक रवैये और संगठन में फूट डालने वाली भाषा-शैली के विरोध में ‘पोस्टकार्ड डालो अभियान’ शुरू किया है।
संगठन के तहसील अध्यक्ष विक्रमसिंह आंजना ने बताया कि सोमवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले की 53 ग्राम समितियों के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कुल 3154 पोस्टकार्ड भेजे गए हैं। पोस्टकार्ड में मांग की गई है कि किसानों के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाने वाले जिलाधीश को पद से हटाकर सचिवालय में नियुक्त किया जाए।
आंजना ने कहा कि किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन का रवैया सकारात्मक और संवेदनशील होना चाहिए। समस्याओं के समाधान के बजाय नकारात्मक रवैया अपनाने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
अभियान गांव-गांव युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है, जिसमें तहसील मंत्री गोरधनसिंह बिनायगा, उपाध्यक्ष ईश्वरसिंह आंजना कड़वाला, रामचंद्र उदयपुर, शिवनारायण और रोडसिंह की सक्रिय भूमिका है। संगठन ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


